मध्य प्रदेश

कोरोना पॉजिटिव परीक्षार्थियों के लिये बनाये गये दो परीक्षा केन्द्र

कोरोना पॉजिटिव परीक्षार्थियों के लिये बनाये गये दो परीक्षा केन्द्र

रीवा (मध्य प्रदेश):जिले में 25 जुलाई को मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग की प्रारंभिक परीक्षा तथा वन सेवा की प्रारंभिक परीक्षा आयोजित की जा रही है। इसके लिये विभिन्न शिक्षण संस्थानों में परीक्षा केन्द्र बनाये गये हैं। परीक्षा दो पालियों में संपन्न होगी। मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग के निर्देशों के अनुसार कोरोना पॉजिटिव परीक्षार्थियों के लिये पृथक से व्यवस्था की गई है। इसके लिये रीवा में दो परीक्षा केन्द्र बनाये गये हैं जिनमें 200 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हो सकते हैं। इस संबंध में अपर कलेक्टर श्रीमती इला तिवारी ने बताया कि लोक सेवा आयोग की प्रारंभिक परीक्षा के लिये गवर्मेंट हायर सेकण्डरी स्कूल क्रमांक एक तथा गवर्मेंट हायर सेकण्डरी स्कूल क्रमांक 2 को परीक्षा केन्द्र बनाया गया है।
अपर कलेक्टर ने बताया कि यदि कोई परीक्षार्थी कोरोना पॉजिटिव पाया जाता है तो उसे निर्धारित परीक्षा केन्द्र में परीक्षा में शामिल होने की सुविधा दी जायेगी। इसके लिये परीक्षार्थी को परीक्षा केन्द्र में प्रवेश के समय निर्धारित प्रारूप में स्वघोषणा पत्र देना होगा। परीक्षा दिवस को भी यदि परीक्षार्थी कोरोना पॉजिटिव हो जाता है तो उसे निर्धारित केन्द्र में परीक्षा में शामिल होने की सुविधा होगी। लोक सेवा आयोग की वेबसाइट में भी स्वघोषणा पत्र का प्रारूप उपलब्ध है। सभी परीक्षा केन्द्रों में कोविड सुरक्षा के निर्देशों का पालन करते हुए परीक्षा आयोजित की जायेगी। प्रत्येक केन्द्र में थर्मल स्क्रीनिंग मशीन, पीपीई किट तथा सेनेटाइजर की भी व्यवस्था की गई है। प्रत्येक परीक्षा केन्द्र में आइसोलेशन कक्ष बनाये गये हैं जिनमें सर्दी, खांसी और बुखार से पीडि़त परीक्षार्थियों को अलग से परीक्षा में शामिल होने की व्यवस्था की गई है। सभी केन्द्राध्यक्ष लोक सेवा आयोग के निर्देशों के अनुसार परीक्षा केन्द्रों में व्यवस्थायें सुनिश्चित करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button