
पंचायती राज दिवस(24 अप्रैल) के अवसर पर जन भागीदारी को स्वच्छता के प्रति प्रोत्साहित करने हेतु सीतामढ़ी जिले में आज से विशेष स्वच्छता अभियान का आगाज किया गया।
विशाल समाचार संवाददाता सीतामढ़ी
पंचायती राज दिवस(24 अप्रैल) के अवसर पर जन भागीदारी को स्वच्छता के प्रति प्रोत्साहित करने हेतु सीतामढ़ी जिले में आज से विशेष स्वच्छता अभियान का आगाज किया गया। सरकार के निर्देश के आलोक में नगर निगम एवं नगर निकायों तथा ग्रामीण विकास विभाग अंतर्गत विभिन्न प्रखंडों /पंचायतों एवं महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। नगर निगम सीतामढ़ी के द्वारा पुनौरा धाम परिसर में आयोजित स्वच्छता कार्यक्रम में जिलाधिकारी रिची पांडे ने भाग लिया।मौके पर नगर आयुक्त सीतामढ़ी प्रमोद कुमार पांडे एवं नगर महापौर रौनक जहां परवेज की भी उपस्थिति थी। जिलाधिकारी श्री रिची पांडेय के साथ सभी पदाधिकारी,गणमान्य व्यक्तियों, एस एस बी के जवान,सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं कर्मियों के द्वारा स्वयं झाड़ू लेकर पुनौरा धाम परिसर की साफ –सफाई की गई। जिलाधिकारी रिची पांडे ने इस मौके पर कहा कि *पुनौरा धाम परिसर के साथ पूरे जिले में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना और साफ —सफाई को जन आंदोलन बनाना है। कहा कि इस अभियान के माध्यम से ग्राम पंचायत, शहरी निकायों एवं सार्वजनिक स्थलों पर साफ सफाई सुनिश्चित करना एवं आम जन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने नगर निगम के द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा है कि यह एक सुंदर पहल है। पुनौरा धाम का अपना अलग पर्यटकीय महत्व है। पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण इस स्थल पर अन्य जिलों से एवं राज्यों से पर्यटक आते हैं। सरकार द्वारा इसका विकास किया जा रहा है। तत्पश्चात भविष्य में पर्यटकों की संख्या में अपेक्षित वृद्धि होगी। ऐसे में यहां निरंतर सफाई अभियान चलाया जाना अपेक्षित होगा।उन्होंने कहा कि यह न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है बल्कि सांस्कृतिक सामाजिक और पर्यावरणीय दृष्टि से भी बहुत महत्वपूर्ण जगह है।
कार्यक्रम में नगर आयुक्त प्रमोद कुमार पांडे,मेयर रौनक जहां परवेज, जिला जन संपर्क अधिकारी कमल सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, सामाजिक कार्यकर्ता, एस एस बी जवान ,नगर निगम के कर्मी तथा अन्य लोग उपस्थित थे।