
सीतामढ़ी को बाल श्रम मुक्त बनाने के लिए जिला प्रशासन की सख्त पहल, विभिन्न प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर शपथ पत्र ली गईं
सीतामढ़ी विशाल समाचार संवाददाता
श्रम संसाधन विभाग, पटना से प्राप्त पत्र तथा जिलाधिकारी श्री रिची पाण्डेय के निर्देशानुसार सीतामढ़ी जिले को बाल श्रम मुक्त बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा एक विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के अंतर्गत शहर के प्रमुख स्थलों जैसे शंकर चौक, बड़ी बाजार तथा अन्य चौक-चौराहों पर औचक निरीक्षण कर कार्रवाई की गई|निरीक्षण अभियान का नेतृत्व सदर एसडीएम संजीव कुमार ने किया।
एसडीएम संजीव कुमार ने बताया यह अभियान न सिर्फ प्रशासनिक स्तर पर, बल्कि सामाजिक संगठनों और स्थानीय समुदाय की भागीदारी से एक सामूहिक प्रयास बनता जा रहा है, जिसका उद्देश्य है बाल श्रम मुक्त सीतामढ़ी की स्थापना करना |
अभियान के दौरान प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर संचालकों को बाल श्रमिक न रखने की सख्त हिदायत दी गई। अधिकारियों ने सभी प्रतिष्ठान मालिकों से बाल श्रम न कराने की शपथ भी दिलवाई। इसके साथ ही प्रतिष्ठानों में बाल श्रम के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए संदेशात्मक स्टिकर भी चिपकाए गए। अधिकारियों ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य केवल बाल श्रम पर अंकुश लगाना नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित करना भी है कि जिले के सभी बच्चे शिक्षा की मुख्यधारा से जुड़ें और उनका बचपन सुरक्षित रहे। बीडीओ अभिषेक चौहान ने बताया बच्चों से मजदूरी करवाना कानूनन अपराध के साथ सामाजिक कलंक भी है| श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी चन्द्रनाथ राम ने यह स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस तरह के औचक निरीक्षण जारी रहेंगे, और बाल श्रम अधिनियम का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। अभियान में प्रथम संस्था के जिला समन्वयक सुधीर कुमार, बीबीए के जिला प्रतिनिधि मो. शारीब, चाइल्ड हेल्पलाइन की प्रतिनिधि परमशीला कुमारी, तथा अदिथी संस्था से मनीष कुमार और अर्पणा कुमारी भी मौजूद रहे।


