इटावा

इटावा में दिव्यांगजनों के लिए चिन्हांकन शिविरों का आयोजन

इटावा में दिव्यांगजनों के लिए चिन्हांकन शिविरों का आयोजन

13 से 21 मई तक आठ विकास खण्डों में लगेंगे शिविर, निःशुल्क मिलेंगे सहायक उपकरण व अन्य लाभ

विशाल समाचार संवाददाता इटावा 

इटावा: शासन की मंशा के अनुरूप दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने तथा उन्हें विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान करने के उद्देश्य से जनपद इटावा में 13 से 21 मई तक विकास खण्ड स्तर पर वृहद चिन्हांकन शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने बताया कि इन शिविरों में दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुसार निःशुल्क कृत्रिम अंग व सहायक उपकरण प्रदान किए जाएंगे।

 

दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत चिन्हांकन किए जाएंगे, जिनमें प्रमुख रूप से ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर, वैशाखी, कान की मशीन, स्मार्टफोन, टेबलेट, कृत्रिम हाथ-पैर आदि शामिल हैं। इसके अलावा शादी-विवाह प्रोत्साहन योजना, कॉक्लियर इम्प्लांट योजना, दुकान निर्माण/संचालन योजना, दिव्यांग पेंशन व कुष्ठावस्था पेंशन योजना के लिए भी पात्र लाभार्थियों का चयन किया जाएगा।

 

शिविरों का कार्यक्रम इस प्रकार है:

13 मई – बढ़पुरा, 14 मई – बसरेहर, 15 मई – जसवंतनगर, 16 मई – सैंफई, 17 मई – चकरनगर, 19 मई – महेवा, 20 मई – भरथना, 21 मई – ताखा।

सभी शिविर प्रातः 11 बजे से अपराह्न 4 बजे तक आयोजित होंगे।

 

चिन्हांकन हेतु आवश्यक दस्तावेज:

दिव्यांगता प्रमाण-पत्र (कम से कम 40%), आय प्रमाण-पत्र (ग्रामीण – 46080 रु. वार्षिक, शहरी – 56460 रु.), निवास व जाति प्रमाण-पत्र (तहसील द्वारा निर्गत), आधार कार्ड की छायाप्रति तथा दो पासपोर्ट आकार के नवीन फोटोग्राफ।

 

जिलाधिकारी ने सभी खण्ड विकास अधिकारियों, जिला कार्यक्रम अधिकारी, समेकित शिक्षा समन्वयक सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए ताकि कोई भी पात्र दिव्यांगजन योजनाओं से वंचित न रह जाए। शिविर स्थलों पर बैठने, स्वच्छ पेयजल आदि मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

 

 

 

 

 

 

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button