
पर्यटन नीति-2022 को लेकर इटावा में 13 मई को वर्कशॉप, उद्यमियों को मिलेगा निवेश का सुनहरा अवसर
होटल, रिसोर्ट, थीम पार्क, ढाबा व अन्य परियोजनाओं पर निवेश करने वालों को मिलेगा वित्तीय प्रोत्साहन
विशाल समाचार संवाददाता इटावा
इटावा: उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लागू की गई पर्यटन नीति-2022 के अंतर्गत जनपद इटावा में 13 मई 2025 को होटल क्लार्क इन, ग्वालियर बाईपास रोड, सरैया में एक विशेष कैम्प/वर्कशॉप का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन प्रातः 11:30 बजे से आरंभ होगा।
जिलाधिकारी श्री शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने बताया कि इस नीति के तहत होटल, रिसोर्ट, थीम पार्क, वाटर स्पोर्ट पार्क, ढाबा, बारातघर, कन्वेंशन सेंटर आदि परियोजनाओं में निवेश करने वाले उद्यमियों को सरकार द्वारा वित्तीय अनुदान, टैक्स में छूट व अन्य प्रोत्साहन दिए जाएंगे। साथ ही, सराय एक्ट से संबंधित उद्यमियों की शंकाओं का समाधान भी इस अवसर पर किया जाएगा।
वर्कशॉप में पर्यटन नीति पर प्रस्तुतीकरण, लघु फिल्म का प्रदर्शन व ब्रोशर वितरण के माध्यम से उद्यमियों को विस्तार से जानकारी दी जाएगी। जिलाधिकारी ने जिले के सभी संबंधित अधिकारियों से आह्वान किया है कि वे स्थानीय उद्यमियों को व्यक्तिगत रूप से आमंत्रित करें एवं अधिक से अधिक निवेशकों की भागीदारी सुनिश्चित कराएं।
इस कार्यशाला का उद्देश्य अधिक से अधिक उद्यमियों को पर्यटन नीति के तहत पंजीकरण के लिए प्रेरित करना है, जिससे वे इस योजना का लाभ उठाते हुए पर्यटन क्षेत्र में रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा दे सकें।

