
इटावा के मलाजनी गांव में 25 परिवारों को जीरो पावर्टी योजना का लाभ, डीएम शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने की अध्यक्षता में समीक्षा
आवास, राशन, शौचालय, पेंशन, श्रम कार्ड, आयुष्मान व अन्य योजनाओं से जोड़े गए लाभार्थी
इटावा (विशाल समाचार प्रतिनिधि): विकास खण्ड जसवंतनगर के ग्राम पंचायत मलाजनी को “जीरो पावर्टी योजना” के अंतर्गत लाभान्वित करते हुए 25 परिवारों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने का कार्य किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत 24 परिवारों का सर्वे कर लाभ प्रदान किया गया, जबकि 1 परिवार को मुख्यमंत्री आवास योजना से आच्छादित किया गया। सभी 25 परिवारों के पास व्यक्तिगत शौचालय उपलब्ध हैं, जिनमें कुछ की मरम्मत हेतु निर्देश दिए गए हैं।
राशन कार्ड वितरण में 5 परिवारों को अन्त्योदय व 20 को पात्र गृहस्थी राशन कार्ड प्रदान किया गया। पेंशन योजनाओं के तहत 1 को वृद्धावस्था पेंशन, 1 को दिव्यांग पेंशन एवं 1 निराश्रित महिला को पेंशन दी गई है।
सभी 25 परिवारों के श्रम कार्ड व मनरेगा जॉब कार्ड बनाए गए हैं। 3 परिवारों का आयुष्मान कार्ड हेतु पंजीकरण किया गया। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना में 14 युवाओं का तथा प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना में 14 परिवारों का पंजीकरण किया गया।
सहभागिता योजना के तहत 4 परिवारों को गौवंश प्रदान किए गए। सभी परिवारों की फैमिली आईडी बनाई गई एवं महिला सदस्यों को आजिविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समूह से जोड़ा गया।
4 बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्र पर पंजीकृत किया गया और 1 बच्ची को कन्या सुमंगला योजना की द्वितीय श्रेणी में शामिल किया गया। साथ ही 30 बच्चों का स्पॉन्सरशिप योजना में आवेदन किया गया है, जिसके अंतर्गत 3 वर्षों तक 4,000 रुपये प्रति माह की सहायता दी जाएगी।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार गौतम, जिला विकास अधिकारी राकेश प्रसाद, जिला प्रोबेशन अधिकारी सूरज सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी बनवारी सिंह, डीडी कृषि आर.एन. सिंह, श्रमायुक्त श्वेता गर्ग सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।


