
इटावा: पिछड़ा वर्ग शादी अनुदान समिति की बैठक सम्पन्न
इटावा (विशाल समाचार प्रतिनिधि):पिछड़ा वर्ग शादी अनुदान योजना से अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को जोड़ने के उद्देश्य से समिति की बैठक जिलाधिकारी श्री शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई।
बैठक में जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी श्री प्रदीप कुमार तिवारी द्वारा बताया गया कि जनपद का वार्षिक लक्ष्य 1200 लाभार्थियों का है। अप्रैल माह में कुल 207 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 67 आवेदन स्वीकृत किए गए हैं। पात्रता हेतु आय, जाति प्रमाण पत्र तथा लड़के की न्यूनतम आयु 21 वर्ष एवं लड़की की आयु 18 वर्ष अनिवार्य है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी आवेदनों में अनिवार्य प्रमाण पत्र संलग्न किए जाएं। साथ ही नगरीय क्षेत्रों में तहसील स्तर और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास खण्ड स्तर से प्रचार-प्रसार कर अधिकाधिक पात्रों को योजना से जोड़ने का कार्य किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि अनुमोदित लाभार्थियों की सूची सभी विधानसभा क्षेत्रवार सदस्यों को उपलब्ध कराई जाए।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देशित किया कि एक स्थान पर 100 से अधिक शादियां न कराई जाएं और कार्यक्रम ब्लॉक व तहसील स्तर पर आयोजित किए जाएं, जिनमें माननीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति सुनिश्चित हो।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्री अजय कुमार गौतम, प्रतिनिधिगण हरि नारायण बाजपेई (विधायक सदर), अरविंद यादव (विधायक जसवंतनगर) सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
–


