
मुख्यमंत्री आज आएंगे दिव्यगवां – तैयारियों में जुटा प्रशासन
रीवा (विशाल समाचार). मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव 15 मई को जवा तहसील के दिव्यगवां में कालेज भवन का लोकार्पण करके विशाल आमसभा को संबोधित करेंगे। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल तथा डीआईजी राजेश सिंह ने कार्यक्रम स्थल में की जा रही तैयारियों का जायजा लिया। इस अवसर पर विधायक सिरमौर श्री दिव्यराज सिंह, पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह, स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, वरिष्ठ प्रशासनिक तथा पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने सबसे पहले महाविद्यालय भवन का निरीक्षण किया। मौके पर उपस्थित कार्यपालन यंत्री को महाविद्यालय परिसर और भवन की साफ-सफाई तथा साज-सज्जा के निर्देश दिए। इसके बाद कलेक्टर ने हेलीपैड स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि हेलीपैड में केवल सूची में शामिल व्यक्तियों को ही प्रवेश दें। हेलीपैड में शासन के निर्देशों के अनुरूप सुरक्षा के पूरे प्रबंध करें। मुख्य कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने कहा कि आमसभा में दूर-दूर से बड़ी संख्या में आमजन शामिल होने आ रहे हैं। सभा स्थल में सेक्टरवार अधिकारी तैनात किए गए हैं। सभी सेक्टर अधिकारी कार्यक्रम में आने वालों के बैठने और शीतल पानी की समुचित व्यवस्था करें। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यक्रम स्थल पर उपचार दल तैनात रखें। किसी भी व्यक्ति को आवश्यकता होने पर तत्काल उपचार सहायता उपलब्ध कराएं। तेज धूप और अधिक तापमान को देखते हुए सभा स्थल पर आवश्यक प्रबंध करें। कलेक्टर ने मंचीय व्यवस्था, साउंड सिस्टम, वाहनों की पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए।

