
माईर्स एमआयटी शिक्षण संस्था समूह और एमआयटी वर्ल्ड पीस यूनिवर्सिटी की ओर से:-प्रो. डॉ. ललितकुमार क्षीरसागर को भावभीनी श्रद्धांजलि
पुणे, (विशाल समाचार ): माईर्स एमआयटी के पूर्व प्राचार्य और प्रभावशाली व्यक्तित्व के धनी प्रो. डॉ. ललितकुमार क्षीरसागर (69) का हाल ही में अल्पकालिक बीमारी के चलते निधन हो गया। उनके निधन पर माईर्स एमआयटी शिक्षण संस्था समूह और एमआयटी वर्ल्ड पीस यूनिवर्सिटी की ओर से भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
माईर्स एमआयटी के संस्थापक अध्यक्ष प्रो. डॉ. विश्वनाथ दा. कराड और एमआयटी डब्ल्यूपीयू के कार्याध्यक्ष डॉ. राहुल विश्वनाथ कराड ने उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
भूगर्भ वैज्ञानिक प्रो. डॉ. ललितकुमार क्षीरसागर ने 42 वर्ष पूर्व एमआयटी में पेट्रोलियम इंजीनियरिंग के प्राध्यापक के रूप में कार्यभार संभाला था। इससे पूर्व वे ओएनजीसी जैसी प्रतिष्ठित कंपनी में उच्च पद पर कार्यरत थे। शिक्षा के प्रति उनकी निष्ठा ने उन्हें हमेशा एमआयटी की प्रगति में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने एमआयटी में निजी क्षेत्र के पहले पेट्रोलियम विभाग की स्थापना की। ओएनजीसी चेयर की स्थापना, शोध कार्यों की नींव, वैश्विक स्तर की सबसी लैब की स्थापना, उद्योगोन्मुखी और विद्यार्थी केंद्रित शिक्षा की दिशा में उनके प्रयास उल्लेखनीय रहे।
इस अवसर पर प्रो. डॉ. विश्वनाथ दा. कराड ने कहा, “एमआयटी के विकास में डॉ. ललितकुमार क्षीरसागर का योगदान अमूल्य रहा है। वे अत्यंत सरल, विनम्र और सदा मुस्कराते हुए जीवन जीने वाले व्यक्ति थे। उनका आकस्मिक निधन संस्था के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।”
श्रद्धांजलि सभा में माईर्स एमआयटी के संस्थापक ट्रस्टी प्रो. पी.बी. जोशी, एमआयटी डब्ल्यूपीयू के कार्याध्यक्ष डॉ. राहुल कराड, कुलपति डॉ. आर.एम. चिटणीस, डॉ. प्रसाद खांडेकर, डॉ. संजय उपाध्ये, प्रो. डॉ. दत्ता दंडगे सहित अनेक शिक्षकगणों ने अपनी भावनाएं व्यक्त कीं।
इस अवसर पर माईर्स एमआयटी शिक्षण संस्था समूह के शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी और विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



