इटावा

इटावा: जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक सम्पन्न

इटावा: जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक सम्पन्न

 

इटावा, (विशाल समाचार): जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद की प्रमुख योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में मनरेगा, जीरो पावर्टी अभियान, प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन 2.0, गौशाला, आयुष्मान भारत, वृक्षारोपण, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, फैमिली आईडी, निपुण मिशन, पीएम सूर्य घर योजना, लखपति दीदी योजना, सांसद निधि कार्य एवं जल जीवन मिशन जैसे विभिन्न विकास कार्यों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई।

 

फैमिली आईडी पर विशेष जोर

जिलाधिकारी ने फैमिली आईडी योजना पर विशेष ध्यान देते हुए निर्देश दिए कि नगरीय क्षेत्र में जिन परिवारों के पास राशन कार्ड नहीं हैं, उनकी फैमिली आईडी जल्द से जल्द बनाई जाए। इसके लिए वार्ड स्तर पर कैंप लगाए जाएं और नगर पालिका की गाड़ियों से प्रचार-प्रसार कराया जाए। उन्होंने पोर्टल पर लंबित आवेदनों को शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए।

 

स्वच्छता, जल और गौशाला प्रबंधन पर निर्देश

उन्होंने सभी बीडीओ को कार्यालयों में ई-ऑफिस अनिवार्य रूप से शुरू करने के निर्देश दिए। शौचालय निर्माण और मरम्मत पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि जिनके पास शौचालय नहीं हैं, उन्हें इसका लाभ दिया जाए। बांझ गायों का इलाज कराने और गौशालाओं में भूसा भरवाने के साथ-साथ खाद निर्माण शुरू करने के निर्देश भी दिए गए।

 

पर्यावरण और स्वच्छता पर सख्त निर्देश

ग्रामीण क्षेत्रों के विवाह घरों में कूड़ा प्रबंधन पर ध्यान देने और कचरा फेंकने वालों पर जुर्माना लगाने की बात कही गई। जिलाधिकारी ने थर्मोकोल और प्लास्टिक के उपयोग पर पूर्ण रोक लगाने और खराब हैंडपंपों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए।

 

वृक्षारोपण और खेल मैदान निर्माण

मियावाकी पद्धति से वृक्षारोपण के लिए लोगों को प्रशिक्षण देने की बात कही गई। साथ ही खेल मैदान निर्माण में समतल और बिना कंकड़-पत्थर वाली भूमि का चयन करने को कहा गया।

 

आवास, राशन दुकान और शिक्षा पर फोकस

प्रधानमंत्री आवास योजना का शेष सर्वेक्षण शीघ्र पूरा कराने और नई राशन दुकानों के निर्माण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्थान चयन में जल भराव से मुक्त स्थानों को प्राथमिकता देने को कहा।

बेसिक शिक्षा विभाग को निर्देशित करते हुए उन्होंने निपुण भारत मिशन के तहत सभी शिक्षकों को प्रशिक्षण देने और टारगेट पूर्ण करने के निर्देश दिए।

 

लखपति दीदी और जीरो पावर्टी अभियान की समीक्षा

लखपति दीदी योजना का लक्ष्य बढ़ाने की बात कही गई और जीरो पावर्टी उत्तर प्रदेश अभियान के तहत लाभार्थियों को पोर्टल पर लॉगिन व वेरिफिकेशन कराने पर बल दिया गया।

 

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार गौतम, जिला पंचायत राज अधिकारी बनवारी सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी सीमा त्रिपाठी, श्रम आयुक्त श्वेता गर्ग, जिला प्रोबेशन अधिकारी सूरज सिंह, अधिशासी अभियंता नगर पालिका परिषद विनय मणि त्रिपाठी समेत समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button