
पुण्यतिथि पर राजीव गांधी को श्रद्धांजलि!
“सोनिया गांधी का जीवन आदर्श पतिव्रता का उदाहरण” – वीर माता कविता गाडगील
पुणे, संवाददाता
पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की 34वीं पुण्यतिथि के अवसर पर आज कात्रज स्थित राजीव गांधी स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर वीर माता कविता गाडगील ने कहा कि राजीव गांधी ने देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दिया और उनके सपनों, कर्तव्यों और उत्तरदायित्वों को आगे बढ़ाने का कार्य सोनिया गांधी ने निस्वार्थ भाव से किया है। उनका जीवन आदर्श पतिव्रता का उदाहरण है।
कविता गाडगील, जो दिवंगत विंग कमांडर अनिल गाडगील की पत्नी और दिवंगत फ्लाइट लेफ्टिनेंट अभिजीत गाडगील की माता हैं, ने कहा कि नेहरू-गांधी परिवार के प्रति द्वेष फैलाने वाले लोग बहुत ही सतही हैं। असली वारिसों को न तो शोर मचाने की जरूरत होती है और न ही घोषणाएं करने की। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने देश की नींव को मजबूत किया। 80 के दशक में कंप्यूटराइजेशन को बढ़ावा देकर उन्होंने लाखों युवाओं को आईटी क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर दिया। यही युवा 2000 में आई ‘वाई2के’ समस्या का समाधान करने में सहायक बने। आज विश्व में भारतीय समाज की जो समृद्धि दिखती है, उसकी नींव राजीव गांधी ने ही रखी थी।
उन्होंने आगे कहा कि पंजाब और असम जैसे संवेदनशील राज्यों में बिना युद्ध के शांति स्थापित करना राजीव गांधी की दूरदर्शिता का परिणाम था। सोनिया गांधी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कविता गाडगील ने कहा कि उनमें प्राचीन काल की महिलाओं जैसा धैर्य और समर्पण है। पति के असमय निधन के बाद, उन्होंने न केवल अपने बच्चों की जिम्मेदारी संभाली, बल्कि राजीव गांधी के देश के प्रति लक्ष्यों और जिम्मेदारियों को भी आगे बढ़ाया।
इस अवसर पर राजीव गांधी स्मारक समिति के संस्थापक अध्यक्ष गोपालदादा तिवारी ने कहा कि वीर माता कविता गाडगील जैसी महान हस्ती का कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होना गर्व की बात है। राजीव गांधी द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
समिति के वरिष्ठ सदस्य राजीव जगताप और आबासाहेब तरवड़े ने कविता गाडगील का सम्मान तुलसी का पौधा और शॉल भेंट कर किया। कार्यक्रम में सूर्यकांत उर्फ नाना मारणे, वरिष्ठ पत्रकार अविनाश गोडबोले, भोलावांजळे, प्रदेश विद्यार्थी संगठन के भूषण रानभरे, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रमेश सोनकांबले, एडवोकेट फैयाज शेख, एडवोकेट श्रीकांत पाटील, संजय अभंग, सुभाष जेधे, हरीभाऊ चिकणे, पै शंकर शिर्के, नरसिंह अंदोली, राजेश सुतार, एडवोकेट स्वप्नील जगताप, विवेक भरगुडे, आशीष गुंजाळ आदि उपस्थित रहे। आभार प्रदर्शन समिति सदस्य भोला वांजळे ने किया।
अखिल भारतीय कांग्रेस के सचिव एवं सह प्रभारी बी. संदीप ने भी स्मारक पर पुष्पहार अर्पित कर राजीव गांधी को श्रद्धांजलि दी। उनके साथ विधायक दीप्ति चवघरी और रफीक शेख भी उपस्थित थे।