
जिले में विशेष अभियान : प्रथम दिन बने 7061 आयुष्मान कार्ड
विशाल समाचार संवाददाता सीतामढ़ी
प्रदेश सरकार द्वारा नागरिकों को समुचित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड निर्गत करने तथा 70 वर्ष या उससे अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों के लिए आयुष्मान वय वंदना कार्ड निर्माण हेतु 26 से 28 मई तक जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के प्रथम दिन जिले के पंचायत भवन, पंचायत सरकार भवन, आंगनबाड़ी केंद्र एवं स्वास्थ्य केंद्रों पर लाभुकों के आयुष्मान कार्ड बनाने का कार्य तेजी से किया गया। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार स्वास्थ्य विभाग एवं जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों के समन्वय से यह कार्य संपन्न हो रहा है। जिलाधिकारी द्वारा अभियान की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है और संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।
जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में अभियान को लगातार गति दी जा रही है। कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों की पहचान की जा रही है, जिनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने सभी पदाधिकारियों को मिशन मोड में कार्य करने तथा माइक्रो मैनेजमेंट एवं नियमित फॉलोअप के साथ अधिक से अधिक लाभुकों के आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश दिए हैं।
अभियान के प्रथम दिन जिले में कुल 7061 लाभुकों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं। प्रशासन का लक्ष्य है कि अभियान के दौरान अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को इस योजना का लाभ मिले।



