महाराष्ट्र में शिक्षक भर्ती परीक्षा के प्रवेशपत्र वेबसाइट पर उपलब्ध
पुणे डीएस तोमर
महाराष्ट्र राज्य की सभी स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं और निजी प्रबंधन की स्कूलों में ‘पवित्र’ संगणकीय प्रणाली के माध्यम से शिक्षक भर्ती के लिए ऑनलाइन परीक्षा मंगलवार, 27 मई से शुरू हो रही है। इस परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के प्रवेशपत्र की वेबलिंक महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद की आधिकारिक वेबसाइट www.mscepune.in पर उपलब्ध करा दी गई है। यह जानकारी परीक्षा परिषद की आयुक्त अनुराधा ओक ने दी है।
आयुक्त ओक ने बताया कि शिक्षक अभियोग्यता एवं बुद्धिमत्ता परीक्षा (टीएआइटी) – 2025 का आयोजन 27 मई से 5 जून 2025 के बीच किया जाएगा। राज्य भर में कुल 2,27,229 अभ्यर्थियों के आवेदन अंतिम रूप से स्वीकार किए गए हैं। यह परीक्षा पूरी तरह ऑनलाइन होगी और इसके लिए अभ्यर्थियों को अपना प्रवेशपत्र वेबसाइट से डाउनलोड कर परीक्षा केंद्र में लाना अनिवार्य है। बिना प्रवेशपत्र के परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा।
शिक्षक भर्ती के लिए पात्रता के तहत अभ्यर्थियों के पास आवश्यक शैक्षणिक योग्यता (जैसे D.Ed, B.Ed, B.El.Ed, CTET, CET आदि) होना जरूरी है। सामान्य वर्ग के लिए आयु सीमा 18 से 38 वर्ष तथा आरक्षित वर्ग के लिए 5 वर्ष की छूट है। आवेदन शुल्क सामान्य वर्ग के लिए ₹950 और आरक्षित वर्ग के लिए ₹850 निर्धारित किया गया है।
परीक्षा में निगेटिव मार्किंग नहीं होगी और इसके प्राप्त अंकों के आधार पर ही आगे की शिक्षक भर्ती प्रक्रिया चलाई जाएगी। परिषद ने सभी अभ्यर्थियों से समय पर प्रवेशपत्र डाउनलोड करने और परीक्षा के लिए निर्धारित केंद्र पर उपस्थित रहने की अपील की है।



