
ह्यूंडई मोटर इंडिया फाउंडेशन ने गुरुग्राम में किया अधिकार कनेक्ट केंद्र का उद्घाटन
पुणे : ह्यूंडई मोटर इंडिया लिमिटेड (एच एम आई एल) की सी एस आर इकाई ह्यूंडई मोटर इंडिया फाउंडेशन (एच एम आई एफ) ने अपनी सोशल समावेशी पहल ‘प्रोजेक्ट अधिकार’ के तहत गुरुग्राम में अधिकार कनेक्ट केंद्र का उद्घाटन किया है। इस केंद्र का लक्ष्य नागरिकों को केंद्र व राज्य की विभिन्न कल्याणकारी एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ लेने में समर्थ बनाने के लिए डिजिटल व्यवस्था तक पहुंच प्रदान करना है। इस केंद्र के माध्यम से लोगों को व्यक्तिगत सहयोग प्रदान करते हुए अगले तीन साल में उन्हें 200 करोड़ रुपये के सरकारी लाभों तक पहुंच में सक्षम बनाने की उम्मीद है। इसके माध्यम से केंद्र व राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के लिए योग्यता जांचने, दस्तावेज तैयार करने और आवेदन करने में सहयोग किया जाएगा।
2028 तक 90,000 से अधिक लोगों को सकारात्मक तरीके से प्रभावित करने के लक्ष्य के साथ इस केंद्र में योग्यता जांचने, आवेदन की प्रोसेसिंग और रियल टाइम ट्रैकिंग समेत हर स्तर पर सहयोग किया जाएगा। इसके लिए प्रशिक्षित महिलाओं को नियुक्त किया गया है, जो अधिकार सखी के रूप में जानी जाएगी। इनके अतिरिक्त, पुरुष स्वयंसेवक भी लोगों का सहयोग करेंगे।
अधिकार कनेक्ट केंद्र के उद्घाटन को लेकर एच एम आई एल के ए वी पी एवं वर्टिकल हेड – कॉरपोरेट अफेयर्स, कॉरपोरेट कम्युनिकेशन एंड सोशल श्री पुनीत आनंद ने कहा, ‘गुरुग्राम में अधिकार कनेक्ट केंद्र का उद्घाटन ज्यादा समतापूर्ण एवं सशक्त समाज निर्माण की दिशा में हमारे सफर में महत्वपूर्ण पड़ाव है। इस पहल के माध्यम से हमारा लक्ष्य सरकारी कल्याण योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया में प्रत्येक नागरिक को सम्मान, सरलता एवं पारदर्शिता प्रदान करना है, जिससे अगले तीन साल में 200 करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं का लाभ उन्हें मिलने की उम्मीद है। यह प्रयास केवल योजनाओं तक पहुंच की बात नहीं है, बल्कि यह आत्मनिर्भरता एवं लंबी अवधि में सशक्तीकरण को सक्षम बनाने की बात भी है। हमारा मानना है कि जब हर व्यक्ति को पूरी जानकारी होगी, समर्थन मिलेगा और डिजिटल रूप से सशक्त किया जाएग, तो वह अपने भविष्य को बेहतर तरीके से आकार दे सकेगा। प्रोजेक्ट अधिकार के माध्यम से हम इसी बदलाव के लिए प्रतिबद्ध हैं।’
प्रत्येक लाभार्थी को एक योजना कार्ड दिया जाएगा। यह उनकी डिजिटल पहचान होगी, जिससे उन्हें लाभों का रियल टाइम एक्सेस मिलेगा और रिकॉर्ड रखने में मदद मिलेगी। अधिकार कनेक्ट केंद्र एक ज्ञान एवं सशक्तीकरण हब के रूप में भी काम करेगा, जहां डिजिटल टूल्स, वित्तीय साक्षरता प्रशिक्षण एवं कौशल विकास कार्यक्रम जैसी सुविधाएं मिलेंगी, जिससे लोगों को सशक्तीकरण के उनके सफर में मदद मिलेगी।
अधिकार कनेक्ट केंद्र की लॉन्चिंग के मौके पर गुरुग्राम, हरियाणा के उपायुक्त श्री अजय कुमार ने कहा, ‘आज का दिन गुरुग्राम में समावेशी शासन और सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। अधिकार कनेक्ट केंद्र के लॉन्च के साथ अब हमारे पास एक मजबूत मैकेनिज्म है, जो लोगों एवं सार्वजनिक कल्याण योजनाओं के बीच की दूरी को कम करेगा और उनके जीवनस्तर को ऊपर उठाएगा। अब तक जागरूकता और पहुंच की कमी पात्र लोगों के लिए बड़ी बाधा रही है और यह पहल इस बाधा को दूर करेगी। इसके माध्यम से सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी पात्र व्यक्ति अपने अधिकारपूर्ण लाभ से वंचित न रह जाए। मैं इस पहल के समर्थन को लेकर ह्यूंडई मोटर इंडिया फाउंडेशन के दृष्टिकोण की सराहना करता हूं। इससे लोगों के जीवन पर बड़ा प्रभाव पड़ेगा। मैं हर नागरिक से अनुरोध करता हूं कि अपने लिए उपलब्ध सेवाओं का पूरा लाभ उठाएं।’
संयुक्त रूप से तैयार की गई इस पहल को जमीनी स्तर पर हकदर्शक एम्पावरमेंट सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड द्वारा क्रियान्वित किया जाएगा। यह इस प्रोजेक्ट के लिए एच एम आई एफ का भरोसेमंद क्रियान्वयन सहयोगी है। हकदर्शक के पास डिजिटल एवं ह्यूमन असिस्टेड मॉडल के माध्यम से अंतिम व्यक्ति तक कल्याणकारी योजनाएं पहुंचाने के मामले में गहरी विशेषज्ञता है। मजबूत टेक्नोलॉजी इन्फ्रास्ट्रक्चर एवं प्रशिक्षित फील्ड एजेंट की मदद से यह समुदाय आधारित व्यवस्था लाभार्थियों को पहचानने और अधिकार सखियों की नियुक्ति में अहम भूमिका निभाएगी। केंद्र के माध्यम से नागरिकों को एंड-टु-एंड सपोर्ट प्रदान किया जाएगा।
अधिकार कनेक्ट केंद्र की लॉन्चिंग के साथ सुगम प्रशासन एवं सिटिजन फर्स्ट सर्विस डिलीवरी की दिशा में यह नया अध्याय शुरू हुआ है। गुरुग्राम, हरियाणा में लोगों के लिए इस केंद्र के दरवाजे खुलने के साथ ही यह इस बात के प्रतीक रूप में सामने आया है कि जब इनोवेशन, समावेश और दृढ़ इच्छा को साथ लाया जाए, तो क्या किया जा सकता है।


