
मुख्यमंत्री जी आयुष्मान कार्ड नहीं होता तो इलाज न हो पाता
मुख्यमंत्री जी ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग से आयुष्मान हितग्राही की पूछी कुशलक्षेम
रीवा (MP): कलेक्ट्रेट के एनआईसी केन्द्र में आयुष्मान योजना की वीडियो कान्फ्रेंसिंग आयोजित की गई। इसमें भोपाल में आयोजित समारोह से मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश के विभिन्न जिलों के आयुष्मान हितग्राहियों से संवाद किया। मुख्यमंत्री ने रीवा जिले की श्रीमती कुसुम सिंह से वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से कुशलक्षेम पूछी। मुख्यमंत्री जी से बात करते हुए कुसुम सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री जी आयुष्मान कार्ड नहीं होता तो मेरा इलाज नहीं हो पाता। मैं रीवा जिले के बैकुण्ठपुर के पास पल्हान गांव की रहने वाली हूँ। मुझे बार-बार तकलीफ हो रही थी। जांच कराने पर डॉक्टरों ने गर्भाशय में कैंसर रोग का प्रकोप होने की जानकारी दी। मैंने भोपाल में जवाहरलाल नेहरू कैंसर हास्पिटल में उपचार कराया। हास्पिटल में ही मेरा आयुष्मान कार्ड बनाया गया। इस कार्ड के माध्यम से मेरा लगातार उपचार हो रहा है। कीमोथेरेपी तथा अन्य दवाओं की सुविधा नि:शुल्क मिल रही है। आयुष्मान योजना गरीब के लिये वरदान बन गई है। मुझ जैसे गरीबों को लाखों रूपये का नि:शुल्क उपचार की सुविधा देने के लिये शुरू की गई आयुष्मान योजना के लिये प्रधानमंत्री जी तथा मुख्यमंत्री जी का ह्मदय से आभार है।
मुख्यमंत्री जी ने आयुष्मान हितग्राही से परिवार के सदस्यों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुष्मान कार्ड बनाने में तथा अस्पताल में उपचार कराने में किसी तरह की परेशानी तो नहीं हुई। आयुष्मान हितग्राही श्रीमती सिंह ने कहा कि उन्हें कार्ड बनाने में कोई परेशानी नहीं हुई। अस्पताल में सभी सुविधायें दी जा रही हैं। अब मेरी और मेरे परिवार की चिंता मिट गई है। कैंसर का नाम सुनते ही मन में डर लगा था लेकिन समय पर उपचार मिलने से मुझे बहुत राहत मिली है। मुख्यमंत्री जी ने आयुष्मान हितग्राही को अच्छे स्वास्थ्य की शुभकामनाएं दी।


