
तहसील ताखा में सम्पूर्ण समाधान दिवस सम्पन्न — शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
इटावा: विशाल समाचार संवाददाता
इटावा: तहसील ताखा में आज जिलाधिकारी श्री शुभ्रान्त कुमार शुक्ल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने उपस्थित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाए।
उन्होंने कहा कि अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनें और तत्परता से समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों की गंभीरता को समझते हुए जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई भी की जाए।
कार्यक्रम के दौरान कुल 120 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 08 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को प्रेषित कर एक सप्ताह के भीतर निस्तारण के निर्देश दिए गए। सबसे अधिक शिकायतें भूमि से संबंधित प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित मामलों की सूची तैयार कर विलम्ब के कारण का स्पष्ट उल्लेख करते हुए शीघ्र निस्तारण कराया जाए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव ने पुलिस विभाग से जुड़ी शिकायतों की सुनवाई करते हुए निर्देश दिए कि थानाध्यक्ष स्वयं मौके पर जाकर मामलों की जांच करें और निष्पक्ष कार्यवाही सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शासन स्तर से अब शिकायतकर्ताओं से निस्तारण की गुणवत्ता का फीडबैक लिया जा रहा है, इसलिए सभी अधिकारी अपने कार्य में गंभीरता और पारदर्शिता बरतें।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी ताखा श्रीमती श्वेता मिश्रा, उप जिलाधिकारी न्यायिक श्रीमती दीपशिखा, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. बृजेन्द्र कुमार, क्षेत्राधिकारी ताखा श्री अतुल प्रधान, तहसीलदार सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

