
“माय भारत” के तत्वावधान में जैतापुर ग्राम पंचायत में मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस
औरैया: विशाल समाचार संवाददाता
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर “माय भारत” संस्था के तत्वावधान में विकासखंड औरैया की ग्राम पंचायत जैतापुर में योग कार्यक्रम का आयोजन भव्य रूप से सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर आए हुए अतिथियों का शील्ड और पट्टिका पहनाकर सम्मान किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रधानाचार्या रंजना सिंह ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “योग और व्यायाम से व्यक्ति निरोग रहकर सुखद एवं स्वस्थ जीवन जी सकता है। यदि हम नियमित रूप से योग करें तो अनेक बीमारियों से बचा जा सकता है। योग हमारी प्राचीन परंपरा है जिसे युवा पीढ़ी को आगे बढ़ाना चाहिए। युवा आगे बढ़ेगा, तभी देश आगे बढ़ेगा।”
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही भागवताचार्य राजरानी ने कहा कि “योग व व्यायाम से व्यक्ति असमय बीमारियों से बच सकता है। इसे अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए।”
कार्यक्रम आयोजक और माय भारत के उपनिदेशक अनवर वारसी ने बताया कि संस्था द्वारा युवाओं के सर्वांगीण विकास हेतु समय-समय पर विभिन्न रचनात्मक एवं प्रेरणादायक गतिविधियों का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि “हमारे विभाग के माध्यम से खेलकूद, सिलाई-कढ़ाई, गायन, लेखन व भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती हैं। उत्कृष्ट प्रतिभाओं को सम्मानित कर आगे बढ़ने का अवसर दिया जाता है।” उन्होंने युवाओं से समूह बनाकर पंजीकरण कराने का आह्वान करते हुए बताया कि “18 से 29 वर्ष की आयु के युवाओं को संस्था मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करेगी।”
योग प्रशिक्षक अजय राज ने विभिन्न योग क्रियाओं का प्रदर्शन कराते हुए ओम जाप, भस्त्रिका, उज्जायी, कपालभाति, शीतली, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी प्राणायाम एवं ध्यान के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि योग प्रशिक्षित व्यक्ति से ही सीखा जाए ताकि अधूरी जानकारी से किसी प्रकार की हानि न हो।
इस अवसर पर मंडूकासन, मकरासन, मयूरासन, तितली आसन, वृक्षासन, ताड़ासन, सूर्य नमस्कार, शीर्षासन आदि का अभ्यास कराया गया।
विशेष रूप से उपस्थित रहे: अनुज यादव (प्रधान प्रतिनिधि), सुनीता देवी (एएनएम), राधा तिवारी (आंगनवाड़ी), पंकज कुमार (सहायक अध्यापक), उपासना गुप्ता (सहायक अध्यापक), हिमांशु त्रिपाठी, राम शंकर, गौरव, मोहिनी शर्मा, मनीष राजपूत, आदर्श कुमार, रवि कश्यप सहित अनेक ग्रामीणों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का सफल संचालन अजय राज द्वारा किया गया।


