पूणे

शासकीय योजनाओं के प्रचार-प्रसार और जनजागृति के लिए संस्थाओं के बीच समन्वय आवश्यक – स्मिता वत्स शर्मा

शासकीय योजनाओं के प्रचार-प्रसार और जनजागृति के लिए संस्थाओं के बीच समन्वय आवश्यक – स्मिता वत्स शर्मा

 

पुणे, विशाल समाचार 

 

भारत सरकार की लोकहितकारी योजनाओं और नीतियों का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे, इसके लिए प्रभावी प्रचार-प्रसार और जनजागृति अत्यंत आवश्यक है। इसी उद्देश्य से केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत कार्यरत पत्र सूचना कार्यालय (PIB) और केंद्रीय संचार ब्यूरो (CBC) की ओर से पुणे में आंतर-माध्यम प्रसिद्धि और समन्वय समिति (IMPCC) की बैठक का आयोजन किया गया।

 

इस बैठक की अध्यक्षता पत्र सूचना कार्यालय, पश्चिम क्षेत्र की महानिदेशक श्रीमती स्मिता वत्स शर्मा ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र सरकार द्वारा विभिन्न मंत्रालयों के माध्यम से अनेक लोकोपयोगी योजनाएं चलाई जाती हैं। इन योजनाओं की जानकारी सही और योजनाबद्ध तरीके से अंतिम नागरिक तक पहुँचाने के लिए प्रचार माध्यमों और शासकीय संस्थाओं के बीच समन्वय होना अत्यंत आवश्यक है।

 

उन्होंने स्पष्ट किया कि पत्र सूचना कार्यालय, भारत सरकार और प्रसार माध्यमों के बीच एक सशक्त सेतु के रूप में कार्य करता है। यह कार्यालय सरकार और आम जनता के बीच आधिकारिक जानकारी का स्त्रोत है और फेक न्यूज के प्रसार को रोकने में भी यह महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

 

उन्होंने कहा कि IMPCC बैठक के माध्यम से पत्र सूचना कार्यालय, केंद्रीय संचार ब्यूरो और विभिन्न शासकीय संस्थाओं के बीच संवाद और समन्वय का एक प्रभावशाली मंच उपलब्ध होता है। सभी सरकारी संस्थाओं को इस मंच का उपयोग कर अपने मंत्रालय की योजनाएं, कार्यक्रम, उपलब्धियां और पहलकदमी को अधिक से अधिक नागरिकों तक पहुँचाने का प्रयास करना चाहिए।

बैठक में पुणे स्थित प्रमुख केंद्रीय और राज्य स्तरीय शासकीय संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित थे। इनमें आकाशवाणी, डिफेन्स पीआरओ, मध्य रेल्वे, भारतीय डाक विभाग, आयकर विभाग, नेहरू युवा केंद्र, राज्य IEC ब्यूरो, यशदा, महा-मेट्रो, लीड डिस्ट्रिक्ट बैंक, वैकुंठ मेहता राष्ट्रीय सहकारी संस्था, ICMR-NIV, राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा संस्थान (NIN), IISER, CSIR-NCL, DIAT, NIBM, आगरकर अनुसंधान संस्थान, CBRTI, उच्च ऊर्जा सामग्री अनुसंधान प्रयोगशाला (HEMRL), DRDO, IITM, CIRT, पुणे महानगरपालिका, पिंपरी-चिंचवड महानगरपालिका, फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान पुणे, सावित्रीबाई फुले पुणे विश्वविद्यालय, आयुका (IUCAA), सी-डैक, कॉलेज ऑफ एग्रीकल्चर, आदिवासी अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान सहित अन्य संस्थाएं शामिल थीं।

 

बैठक के दौरान विभिन्न संस्थाओं ने सूचना के प्रचार-प्रसार में आने वाली चुनौतियों को साझा किया और इस संदर्भ में पत्र सूचना कार्यालय तथा केंद्रीय संचार ब्यूरो के अधिकारियों ने उन्हें हरसंभव सहयोग व मार्गदर्शन प्रदान करने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर पत्र सूचना कार्यालय के निदेशक श्री रबी हाश्मी, उपनिदेशक श्रीमती जयदेवी पुजारी स्वामी, केंद्रीय संचार ब्यूरो, पुणे के उपनिदेशक श्री निखिल देशमुख, PIB की सहायक निदेशक श्रीमती निकिता जोशी सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button