
क्रीड़ा व युवक कल्याण मंत्री दत्तात्रय भरणे के हस्ते कडबनवाड़ी में जिप्सी सफारी योजना का उद्घाटन
पुणे : महाराष्ट्र राज्य के क्रीड़ा व युवक कल्याण मंत्री श्री दत्तात्रय भरणे के करकमलों द्वारा आज पुणे जिले के कडबनवाड़ी गांव स्थित घासभूमि क्षेत्र में जिप्सी सफारी उपक्रम का उद्घाटन किया गया। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे इस अनोखे सफारी अनुभव का लाभ लें और पर्यावरण व वनसंवर्धन के महत्व को समझें।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से वनसंरक्षक श्री आशिष ठाकरे, उपवनसंरक्षक श्री महादेव मोहिते, सहायक वनसंरक्षक श्री मंगेश ताटे, इंदापुर की वनपरिक्षेत्र अधिकारी श्रीमती भाग्यश्री ठाकूर उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के अंतर्गत पुणे वनविभाग की ओर से तीन जिप्सी संचालकों को एक-एक लाख रुपये के धनादेश प्रदान किए गए। साथ ही कडबनवाड़ी घासभूमि क्षेत्र के प्रतीक-चिन्ह (लोगो) का अनावरण भी मंत्री महोदय के हस्ते संपन्न हुआ।
मंत्री श्री भरणे ने स्वयं जिप्सी सफारी का अनुभव लिया और स्थानीय नागरिकों से आग्रह किया कि वे भी इस प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लें तथा इसकी जानकारी अन्य नागरिकों तक पहुंचाएं, ताकि पर्यावरण पर्यटन को बढ़ावा मिल सके।
इस कार्यक्रम में कडबनवाड़ी वन व्यवस्थापन समिति के अध्यक्ष जलभूषण भजनदास पवार, सदस्य दादासाहेब जाधव, ग्राम सरपंच श्रीमती संगीता गावडे, उपसरपंच, अधिवक्ता श्री सचिन राउत, फ्रेंड्स ऑफ नेचर क्लब निमगांव केतकी के सदस्यगण व आसपास के ग्रामीणजन बड़ी संख्या में उपस्थित थे।



