
जिलाधिकारी ने किया विद्यालय व आंगनवाड़ी केंद्र का औचक निरीक्षण, नामांकन बढ़ाने व भवन ध्वस्तीकरण के दिए निर्देश
इटावा ब्यूरो विशाल समाचार
जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने नवीन शैक्षिक सत्र 2025-26 के दृष्टिगत विकास खण्ड जसवंतनगर अंतर्गत संचालित उच्च प्राथमिक विद्यालय अधियापुर कंपोजिट एवं आंगनवाड़ी केंद्र अधियापुर का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय की कक्षा 6 में 6 छात्र व कक्षा 8 में 8 छात्र उपस्थित पाए गए। विद्यालय में तैनात कुल 8 शिक्षकों में से 5 उपस्थित तथा 3 अवकाश पर थे। जिलाधिकारी ने विद्यालय भवन की जर्जर स्थिति पर चिंता जताते हुए तत्काल ध्वस्तीकरण कराने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालय परिसर में अभियान चलाकर साफ-सफाई सुनिश्चित कराने व सभी कक्षाओं में छात्र-छात्राओं के नामांकन में वृद्धि के निर्देश भी दिए।
इसके उपरांत उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्र अधियापुर का भी निरीक्षण किया, जहां पंजीकृत 40 बच्चों में से मात्र 4 बच्चे ही उपस्थित पाए गए। जिलाधिकारी ने आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को निर्देशित किया कि वे अभिभावकों को प्रेरित कर अधिक से अधिक बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित कराएं।
उन्होंने कहा कि स्कूल चलो अभियान के तहत जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं समस्त खण्ड शिक्षा अधिकारियों द्वारा सभी परिषदीय विद्यालयों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी द्वारा यह भी निर्देशित किया गया कि विद्यालयों में नामांकन वृद्धि, बच्चों की नियमित उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन (एम.डी.एम.) के प्रभावी संचालन तथा शिक्षण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। संबंधित शिक्षकों एवं प्रधानाध्यापकों को इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।


