
पंचायत भवन की बाउंड्री ढही, भ्रष्टाचार की ईंट दरक गई – ग्रामीणों में उबाल
ब्यूरो विशाल समाचार इटावा
इटावा : ग्राम पंचायत फुलरई, तहसील जसवंतनगर (जनपद इटावा) में तीन वर्ष पूर्व निर्मित पंचायत घर की पोल एक मामूली बारिश ने खोल दी है। बीते दिन हुई सामान्य वर्षा के बाद पंचायत भवन की करीब 30 फुट लंबी बाउंड्री दीवार भरभरा कर गिर गई, जिससे निर्माण कार्य में हुई घोर लापरवाही और भ्रष्टाचार उजागर हो गया।
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण के दौरान पंचायत सचिव और ग्राम प्रधान ने मिलीभगत कर सरकारी धन का खुला दुरुपयोग किया। घटिया ईंट, सस्ता सीमेंट और खराब बालू का जमकर इस्तेमाल हुआ, जिसे कोई भी सामान्य व्यक्ति भी देख कर पहचान सकता था। फिर भी कोई जांच नहीं हुई, और आज वही दीवार भ्रष्टाचार की बुनियाद पर ध्वस्त हो गई।
ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत सचिव व ग्राम प्रधान ने “कागज़ों पर मजबूती और ज़मीन पर बेइमानी” की नीति अपनाई और जनता की गाढ़ी कमाई से मिले सरकारी बजट को जेब में भरने का जरिया बना लिया।
घटना के बाद ग्रामवासियों में आक्रोश है। उन्होंने मांग की है कि:
1. पूरा निर्माण कार्य की उच्च स्तरीय तकनीकी जांच कराई जाए।
2. ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो।
3. भ्रष्टाचार के इस खेल में शामिल अन्य अधिकारियों की भूमिका की भी जांच हो।
विशाल समाचार की टीम के पत्रकार ने जब मौके का निरीक्षण किया, तो गिर चुकी दीवार के मलबे में टूटी ईंटें और अधपका मसाला साफ दिखा। यह भ्रष्टाचार का जीता-जागता उदाहरण है, जो शासन-प्रशासन की आंखें खोलने के लिए काफी है।
यदि इस पर तत्काल कार्रवाई नहीं हुई, तो ग्रामीण व्यापक आंदोलन की चेतावनी दे चुके हैं। यह कोई प्राकृतिक आपदा नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार की बाढ़ में बहा जनधन है, जिसके जिम्मेदारों को अब संरक्षण नहीं, दंड मिलना चाहिए।


