राज्य महिला आयोग की माननीय सदस्य श्रीमती पूनम द्विवेदी द्वारा आंगनबाड़ी निरीक्षण, जनसुनवाई व ग्राम चौपाल का आयोजन
ब्यूरो विशाल समाचार इटावा
इटावा, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की माननीय सदस्य श्रीमती पूनम द्विवेदी द्वारा आज जनपद इटावा में विभिन्न कार्यक्रमों के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास से जुड़ी गतिविधियों का निरीक्षण एवं समीक्षा की गई।
सुबह 10:00 बजे श्रीमती द्विवेदी ने आंगनबाड़ी केन्द्र नगला गौर, कामेत बढ़पुरा का निरीक्षण किया, जहाँ सभी व्यवस्थाएँ सुव्यवस्थित पाई गईं। निरीक्षण के दौरान 2 गर्भवती महिलाओं एवं 2 बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया गया। साथ ही, केंद्र परिसर में वृक्षारोपण किया गया एवं स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए।
प्रातः 11:00 बजे प्रेरणा सभागार, विकास भवन, इटावा में महिला कल्याण विभाग सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक के उपरांत दोपहर 12:00 बजे जनसुनवाई का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 09 प्रकरण प्राप्त हुए। श्रीमती द्विवेदी ने इन सभी प्रकरणों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
अपराह्न 04:00 बजे ग्राम पंचायत चितभवन, बसरेहर में माननीय सदस्य की अध्यक्षता में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। चौपाल के माध्यम से महिलाओं को उनके अधिकारों, सरकारी योजनाओं और सशक्तीकरण से जुड़ी जानकारियाँ दी गईं। इस दौरान ग्राम पंचायत चितभवन में भी 2 गर्भवती महिलाओं एवं 2 बच्चों का अन्नप्राशन संपन्न हुआ।

