उत्तर प्रदेशराजनीति

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का आरोप- घटतौली से लूटा जा रहा गरीबों का राशन, घरेलू अर्थव्यवस्था चौपट सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव

 

शिवराज सिंह ब्यूरो

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का आरोप- घटतौली से लूटा जा रहा गरीबों का राशन, घरेलू अर्थव्यवस्था चौपट

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि गरीबों के राशन के साथ भाजपा राज में घरेलू अर्थव्यवस्था भी चौपट हो गई है। सब्जियों के दाम आसमान छू रहे हैं। रसोई गैस के दामों में तेजी से वृद्धि होने से मध्यम आय वर्ग के लोगों की भी कमर टूट गई हैं।

 

लखनऊ (UP)समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को कहा कि जगह-जगह मुफ्त राशन बांटने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देने वाले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को यह नहीं दिखाई देता कि जनता को राशन मिलने में कितनी कठिनाई हो रही है। कोटेदार घटतौली के सहारे गरीबों का राशन लूट रहे हैं। भाजपा राज में जनसामान्य की कहीं सुनवाई नहीं है। सत्ता के संरक्षण में अपराध, लूट और अपहरण की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। मुख्यमंत्री की जीरो टालरेंस की नीति बस दावा ही बनकर रह गई है।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि गरीबों के राशन के साथ भाजपा राज में घरेलू अर्थव्यवस्था भी चौपट हो गई है। महिलाओं का घर चलाना दुश्वार हो गया है। सब्जियों के दाम आसमान छू रहे हैं। रसोई गैस के दामों में तेजी से वृद्धि होने से मध्यम आय वर्ग के लोगों की भी कमर टूट गई हैं। सत्ता के बल पर अपराधी कितना बेखौफ हो गए हैं, इसके उदाहरण में पिछले दिनों हाथरस की बेटी और लखीमपुर खीरी की बहन के साथ हुए अत्याचार भुलाए नहीं जा सकते हैं। कई घटनाओं में तो भाजपा नेताओं, पदाधिकारियों के भी हाथ होने की खबरें है। अवैध शराब और अवैध खनन के मामलों में रोक लगाने में भाजपा अक्षम साबित हुई है।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि बुलंदशहर में लोकतंत्र के साथ शर्मनाक मजाक हुआ है। भाजपा सरकार में एक राज्यमंत्री के इशारे पर पीआरओ और पुलिस द्वारा मिलकर शिकारपुर ब्लाक में समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय लोक दल की संयुक्त प्रत्याशी का अपहरण कर लिया गया। भाजपा सरकार जबसे सत्ता में आई है, तबसे राजनीति में गिरावट आई है। उत्तर प्रदेश में वैचारिक प्रदूषण भी खूब बढ़ा है। जनता के कष्टों का निवारण तो हुआ नहीं, उल्टे उन्हें महंगाई और अपराध के दर्द से रोज गुजरना पड़ रहा है। समाजवादी सरकार बनने पर ही जनता के दुख दर्द दूर हो सकेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button