बिहार में पंजीकृत प्रवासी मतदाता 25 जुलाई तक भरें गणना प्रपत्र, ऑनलाइन या बीएलओ के माध्यम से जमा करने की अपील
लखनऊ | ब्यूरो विशाल समाचार
उत्तर प्रदेश के संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री विनय कुमार पाठक ने जानकारी दी है कि बिहार राज्य में विशेष गहन पुनरीक्षण-2025 अभियान के अंतर्गत मतदाता सूची के अद्यतन का कार्य प्रगति पर है। इस दौरान यह पाया गया है कि बिहार राज्य में पंजीकृत कई मतदाता वर्तमान में अस्थायी रूप से उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों में निवासरत हैं।
ऐसे प्रवासी मतदाताओं से अपील की गई है कि वे ECINET App अथवा https://voters.eci.gov.in पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन गणना प्रपत्र (Form for Electoral Roll) स्वयं भर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, इच्छुक मतदाता प्री-फिल्ड फॉर्म डाउनलोड कर उसकी हस्ताक्षरित प्रति व्हाट्सएप, ईमेल अथवा परिवार के सदस्यों के माध्यम से बिहार में नियुक्त अपने बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) को भेज सकते हैं। यह प्रक्रिया 25 जुलाई 2025 तक पूरी करनी अनिवार्य है।
श्री पाठक ने बताया कि मतदाता पहचान एवं प्रमाणीकरण के लिए निर्धारित 11 दस्तावेजों में से कोई भी एक दस्तावेज गणना प्रपत्र के साथ संलग्न किया जा सकता है। यह प्रक्रिया पारदर्शी, सरल और मतदाता के सुविधा केंद्रित है, जिससे प्रत्येक योग्य मतदाता का नाम निर्वाचक नामावली में अद्यतन रह सके।
राज्य निर्वाचन विभाग ने आम मतदाताओं से अपील की है कि वे समय रहते आवश्यक दस्तावेजों सहित गणना प्रपत्र जमा कर अपने मताधिकार के संरक्षण में भागीदारी निभाएं।



