
प्रवेश परीक्षा की शांतिपूर्ण और नकलविहीन सम्पन्नता हेतु डीएम की अध्यक्षता में अधिकारियों की बैठक सम्पन्न
ब्यूरो विशाल समाचार इटावा
इटावा में आगामी समीक्षा अधिकारी (प्रा.) प्रवेश परीक्षा-2025 के शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन संचालन के लिए जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में आज विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में समस्त संबंधित विभागीय अधिकारियों ने भाग लिया।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि परीक्षा 27 जुलाई 2025, रविवार को प्रातः 9:30 से 12:30 बजे तक आयोजित होगी, जिसमें प्रवेश समय प्रातः 8:00 से 8:45 बजे तक निर्धारित किया गया है। जनपद में 34 परीक्षा केंद्रों पर कुल 15,456 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे।
डीएम ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक केंद्र पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट और एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे। प्रश्न पत्रों के लिफाफे प्रातः 8:45 बजे स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं इनविजिलेटर की उपस्थिति में ही खोले जाएंगे। सभी इनविजिलेटर्स की पूर्व में आवश्यक ट्रेनिंग कराई जाएगी।
उन्होंने निर्देश दिया कि अनुपस्थित परीक्षार्थियों की शीट्स निर्धारित व्हाइट एनवेलप में रखी जाएं, जिस पर रोल नंबर अंकित हो और परीक्षा समाप्ति तक परीक्षा कक्ष में ही सुरक्षित रखा जाए।
डीएम ने सभी परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, स्वच्छ शौचालय, बेसिक मेडिकल किट, एंबुलेंस एवं अन्य आपात सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्साधिकारी को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।
उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्रों में किसी भी प्रकार के मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच या अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे। बालिका परीक्षार्थियों की तलाशी केवल महिला स्टाफ द्वारा ही ली जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की लाइव स्ट्रीमिंग, ऑडियो रिकॉर्डिंग, और डिजिटल निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि परीक्षा केंद्र के 200 मीटर के दायरे में सभी फोटोकॉपी और साइबर कैफे बंद रखे जाएंगे।
बैठक में अपर जिलाधिकारी अभिनव रंजन श्रीवास्तव, एसपीआरए, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला पंचायत राज अधिकारी बनवारी सिंह, उपयुक्त उद्योग सुधीर कुमार, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी रमेश चंद्र सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को आयोग द्वारा जारी निर्देश पुस्तिका का अध्ययन करने और परीक्षा से पूर्व सभी व्यवस्थाओं को सुसंगत बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी से परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और त्रुटिरहित रूप से सम्पन्न कराने की अपील की।



