
लोकमान्य तिलक के प्रपौत्र डॉ. दीपक तिलक के निधन पर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने जताया शोक
पुणे, लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक के प्रपौत्र एवं ‘केसरी’ के न्यासी-संपादक डॉ. दीपक तिलक के 16 जुलाई को हुए निधन पर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री श्री एकनाथ शिंदे ने आज केसरीवाड़ा जाकर तिलक परिवार से मुलाकात की और शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने डॉ. तिलक की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर महाराष्ट्र विधान परिषद की उपसभापति डॉ. नीलम गोरहे, विधायक विजय शिवतारे, स्व. डॉ. दीपक तिलक के पुत्र रोहित तिलक, पुत्रवधू प्रणति तिलक, पुत्री गीताली तिलक, तथा नाती रौनक तिलक सहित परिवारजन उपस्थित थे।
मीडिया से बातचीत करते हुए उपमुख्यमंत्री शिंदे ने कहा, “डॉ. दीपक तिलक का निधन पत्रकारिता, साहित्य और मराठी संस्कृति के लिए एक अपूरणीय क्षति है। वे एक कुशल संपादक, विचारशील व्यक्तित्व और समाज के सजग प्रहरी थे। तिलक परिवार ने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान केसरी पत्र के माध्यम से जो क्रांतिकारी भूमिका निभाई, उस विरासत को डॉ. तिलक ने गर्व से आगे बढ़ाया। हम उनके परिवार के दुःख में सहभागी हैं।”
डॉ. तिलक के कार्यों को याद करते हुए उन्होंने कहा कि उनके व्यक्तित्व और योगदान को हमेशा सम्मानपूर्वक स्मरण किया जाएगा।

