रक्षाबंधन के पर्व पर महिलाओं एवं उनके साथ यात्रा करने वाले सहयात्री को नगरीय परिवहन की बसों में मिलेगी निःशुल्क यात्रा सुविधा
08 अगस्त को प्रातः 06 बजे से 10 अगस्त 2025 की रात्रि 10 बजे तक मिलेगी निःशुल्क यात्रा सुविधा
लखनऊ: धर्मेन्द्र कुमार वर्मा संवाददाता
रक्षाबंधन के पर्व पर प्रदेश के लखनऊ, गोरखपुर, वाराणसी, मेरठ, आगरा, मथुरा-वृन्दावन, कानपुर, प्रयागराज, मुरादाबाद, अलीगढ़, शाहजहाँपुर, बरेली, गाजियाबाद, अयोध्या एवं झाँसी सहित 15 शहरों में संचालित नगरीय बसों में महिलाओं एवं उनके साथ यात्रा करने वाले सहयात्री को निःशुल्क यात्रा सुविधा उपलब्ध करायी जायेगी।
यह जानकारी संयुक्त निदेशक नगरीय परिवहन निदेशालय लखनऊ उ0प्र0 ने आज यहां दी। उन्होंने बताया कि नगर विकास विभाग, उ.प्र. शासन द्वारा नगरीय बसों में 08 अगस्त 2025 को प्रातः 06 बजे से 10 अगस्त 2025 की रात्रि 10 बजे तक महिलाओं एवं उनके साथ यात्रा करने वाले सहयात्री को नगरीय बसों में निःशुल्क यात्रा सुविधा उपलब्ध करायी जायेगी। उन्होंने बताया कि महिलाओं को रक्षाबंधन त्योहार पर निःशुल्क यात्रा सुविधा उपलब्ध कराये जाने के लिए सभी सिटी ट्रान्सपोर्ट सर्विसेज लि. के प्रबन्ध निदेशकों को नगरीय परिवहन निदेशालय द्वारा निर्देश निर्गत कर दिये गये है।



