
हर घर तिरंगा अभियान के तहत इटावा में तिरंगा यात्रा और सांस्कृतिक कार्यक्रम संपन्न
इटावा, शिवराज सिंह राजपूत: हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन राजकीय इंटर कॉलेज इटावा से शास्त्री चौराहा होते हुए नुमाइश पंडाल तक किया गया। इस यात्रा में 250 एनसीसी कैडेट और 300 भूतपूर्व सैनिक शामिल हुए। जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया। यात्रा में नगर मजिस्ट्रेट, उप जिलाधिकारी सदर, जिला विद्यालय निरीक्षक अतुल सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राजेश कुमार, राष्ट्र राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. दीपक सक्सेना, डॉ. मुकेश और भूतपूर्व सैनिक कल्याण के कर्नल हयात उल्लाह भी उपस्थित रहे।
इसके उपरांत नुमाइश पंडाल में जिला प्रशासन एवं जिला पर्यटन संस्कृति परिषद, इटावा द्वारा “वीरों को नमन — तिरंगा महोत्सव” सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। उन्होंने बताया कि हर घर तिरंगा अभियान 2 से 15 अगस्त तक तीन चरणों में संचालित हो रहा है और यह कार्यक्रम इसके द्वितीय चरण का हिस्सा है।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं से अपील की कि स्वतंत्रता दिवस की 79वीं वर्षगांठ पर हर घर को राष्ट्रीय ध्वज से सजाकर भव्यता से मनाएं। कार्यक्रम में राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और युवाओं में भारतीय सेनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रीय गीत और नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए।


