एकपक्षीय, भ्रामक और गैर-जिम्मेदाराना रिपोर्टिंग पर जिला प्रशासन की सख़्त आपत्ति
विशाल समाचार संवाददाता सीतामढ़ी
सीतामढ़ी:अखबार के स्थानीय प्रतिनिधि नवीन कुमार डुमरा द्वारा भेजी गई और प्रकाशित खबर पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों के विरुद्ध है। इसमें संगठन की बात को तो रखा गया है, परंतु दूसरे पक्ष — जिला प्रशासन एवं जिला जनसंपर्क कार्यालय — का पक्ष जानने का कोई प्रयास नहीं किया गया।
यह मौलिक रूप से एक एकपक्षीय और भ्रामक खबर है, जो न केवल अपरिपक्वता और अल्प जानकारी का प्रतीक है, बल्कि यह पत्रकारिता में संतुलन और निष्पक्षता जैसे बुनियादी मूल्यों की भी अनदेखी करती है। इस प्रकार की रिपोर्टिंग तथ्यों के विकृतिकरण और जनता को गुमराह करने का गंभीर उदाहरण है।
जिला प्रशासन इस मामले को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए शीघ्र ही संबंधित पत्रकार को विधिवत नोटिस जारी करेगा। साथ ही, उनके इस कृत्य की जानकारी, उपलब्ध प्रमाणों सहित, उनके मीडिया संस्थान के शीर्ष प्रबंधन को भी भेजी जाएगी, ताकि संस्थागत स्तर पर भी उचित अनुशासनात्मक कार्यवाही सुनिश्चित हो सके।
जिला प्रशासन स्पष्ट करता है कि तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश करने, दूसरे पक्ष की अनदेखी करने और एकतरफा खबरें चलाने की प्रवृत्ति को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रेस की स्वतंत्रता के साथ-साथ जिम्मेदारी और निष्पक्षता भी उतनी ही अनिवार्य है, जिसे नजरअंदाज करना किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है।



