
इटावा में श्री अन्न (मिलेट्स) पुनरोद्धार योजना पर जिला स्तरीय बैठक आयोजित
इटावा विशाल समाचार संवाददाता
इटावा में उत्तर प्रदेश श्री अन्न (मिलेट्स) पुनरोद्धार योजना एवं राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन योजनान्तर्गत जिला स्तरीय गवर्निंग बोर्ड की बैठक आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई।
बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि कृषकों के प्रदर्शन हेतु मिलेट्स गैलरी की स्थापना की जाएगी, जिसमें बीज, अनाज, प्रसंस्करण आदि से जुड़ी बहुमूल्य जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि कृषक उत्पादन संगठन के सदस्यों के लिए मिलेट्स बीज उत्पादन पर 2 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण आयोजित किया जाए।
उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर किसान पाठशालाओं का आयोजन कर कृषकों को वैज्ञानिक तकनीकों से अवगत कराया जाए और क्षेत्र में श्री अन्न को प्राथमिकता से प्रोमोट किया जाए।
श्री शुक्ल ने निर्देश दिए कि विकासखण्ड स्तरीय बीआरसी अध्यापकों को प्रशिक्षित कर विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को मिलेट्स के महत्व से जोड़ा जाए। चिन्हित अध्यापकों को मिलेट्स उत्पादों व उनके पोषण लाभों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा और स्कूलों में प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया जाएगा।
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि कृषि महाविद्यालयों, कृषि विज्ञान केन्द्रों, होटल व रेस्टोरेंट एसोसिएशन के सहयोग से मिलेट्स उत्पादों की रेसिपी विकसित कर उपभोक्ताओं को जागरूक किया जाए। विभिन्न ब्लॉकों व नुमाइशों में मिलेट्स स्टॉल एवं प्रदर्शनी-गोष्ठियों का आयोजन कर आधुनिक शोध व तकनीक किसानों तक पहुंचाई जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार गौतम, उप कृषि निदेशक आर.एन. सिंह, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज कुमार, एल.डी.एम. सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।



