खेलपूणे

राष्ट्रीय खेल दिवस पर पुणे में 331 पदक विजेताओं का सम्मान

राष्ट्रीय खेल दिवस पर पुणे में 331 पदक विजेताओं का सम्मान

 

 ‘मिशन लक्ष्यवेध हाई परफॉर्मेंस सेंटर’ का शुभारंभ

 

पुणे,राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में महाराष्ट्र शासन के स्कूल शिक्षा एवं खेल विभाग की ओर से शुक्रवार, 29 अगस्त को पुणे के म्हाळुंगे-बालेवाड़ी स्थित शिवछत्रपति खेल संकुल में 331 पदक विजेता खिलाड़ियों का सम्मान किया जाएगा। इसी अवसर पर राज्य सरकार की महत्त्वाकांक्षी ‘मिशन लक्ष्यवेध हाई परफॉर्मेंस सेंटर योजना’ का शुभारंभ भी किया जाएगा।

 

यह समारोह शुक्रवार दोपहर 4 बजे आयोजित होगा, जिसमें उपमुख्यमंत्री एवं पुणे जिले के पालक मंत्री अजित पवार, केंद्रीय राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोळ, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटील, कृषि मंत्री दत्तात्रय भरणे, खेल मंत्री माणिकराव कोकाटे, विधानसभा उपाध्यक्ष अण्णा बनसोडे, विधान परिषद उपसभापति नीलम गोऱ्हे तथा राज्यमंत्री माधुरी मिसाळ सहित जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी और खेल क्षेत्र के मान्यवर उपस्थित रहेंगे।

 

फरवरी में उत्तराखंड में आयोजित राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में महाराष्ट्र ने कुल 201 पदक जीतकर प्रथम स्थान प्राप्त किया था। इनमें 55 स्वर्ण, 70 रजत और 76 कांस्य पदक शामिल हैं। इस प्रतियोगिता के 314 पदक विजेता खिलाड़ियों तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता प्राप्त करने वाले 6 खिलाड़ियों का सम्मान इस अवसर पर किया जाएगा। स्वर्ण पदक विजेताओं को 7 लाख रुपये, रजत पदक विजेताओं को 5 लाख रुपये, कांस्य पदक विजेताओं को 3 लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि दी जाएगी। वहीं प्रशिक्षकों को क्रमशः 50 हजार, 30 हजार और 20 हजार रुपये का पारितोषिक प्रदान किया जाएगा। कुल मिलाकर 28.70 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि वितरित होगी।

 

सम्मानित खिलाड़ियों में ओलंपिक पदक विजेता स्वप्नील कुसाळे, एशियाई पदक विजेता राही सरनोबत, ओलंपियन देवेंद्र वाल्मिकी, विश्वकप विजेता प्रियंका इंगळे शामिल हैं। सबसे अधिक 8 पदक जीतने वाली आदिति हेगड़े को अकेले 32 लाख रुपये का पुरस्कार मिलेगा।

 

इस कार्यक्रम में ‘मिशन लक्ष्यवेध योजना’ का लोगो (बोधचिन्ह) भी जारी किया जाएगा। इस योजना के तहत राज्य सरकार हर वर्ष 160 करोड़ रुपये खर्च कर 12 खेल विधाओं में खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण उपलब्ध कराएगी। पहले चरण में एथलेटिक्स, हॉकी, कुश्ती, वेटलिफ्टिंग, रोइंग और लॉन टेनिस इन छह खेलों का समावेश किया गया है। यह जानकारी सह-निदेशक सुधीर मोरे ने दी।

 

कार्यक्रम में राज्यभर से 300 खिलाड़ी, 100 प्रशिक्षक, 100 पदाधिकारी और खेल प्रबोधिनी के प्रशिक्षणार्थी मिलाकर कुल 800 प्रतिभागियों की उपस्थिति रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button