पूणेमहाराष्ट्रशिक्षा

सूर्यदत्त ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स द्वारा कल शनिवार (31 अक्टूबर) को ‘कारोबार 9.0 – सूर्यभारत जननेक्स्ट स्टार्टअप फेस्ट’ का आयोजन

सूर्यदत्त ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स द्वारा कल शनिवार (31 अक्टूबर) को ‘कारोबार 9.0 – सूर्यभारत जननेक्स्ट स्टार्टअप फेस्ट’ का आयोजन

 

यूनिकॉर्न कंपनियों की व्यावसायिक यात्रा, नवाचार और उद्यमशील कौशल का विद्यार्थी करेंगे प्रदर्शन

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान पुणे महाराष्ट्र 

पुणे : विद्यार्थियों में उद्यमिता की भावना विकसित करने, नवोन्मेषी व्यावसायिक विचारों को मंच प्रदान करने तथा उन्हें स्टार्टअप जगत से परिचित कराने के उद्देश्य से सूर्यदत्त ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स द्वारा कल, शनिवार (31 अक्टूबर) को ‘कारोबार 9.0 – सूर्यभारत जननेक्स्ट स्टार्टअप फेस्ट’ का आयोजन किया गया है। बावधन स्थित सूर्यदत्त परिसर में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक यह महोत्सव आयोजित होगा। यह जानकारी सूर्यदत्त के संस्थापक अध्यक्ष प्रो. डॉ. संजय बी. चोरडिया ने पत्रकार वार्ता में दी। इस अवसर पर उपाध्यक्ष एवं सचिव सुषमा चोरडिया, मुख्य कार्यकारी अधिकारी अक्षय कुशल, अधिष्ठाता प्रो. डॉ. प्रतीक्षा वाबळे तथा सूर्यदत्त कॉलेज ऑफ हॉस्पिटैलिटी मैनेजमेंट एंड ट्रैवल टूरिज्म की विभागाध्यक्ष रसिका गुमास्ते सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

 

प्रो. डॉ. संजय बी. चोरडिया ने कहा, “इस अंतरमहाविद्यालयीन व्यावसायिक प्रदर्शनी में विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थी भारतीय यूनिकॉर्न कंपनियों की सफलता की यात्रा, उनके व्यावसायिक मॉडल, नवोन्मेषी विचार, विपणन रणनीतियां, निवेश की यात्रा और कारोबार विस्तार की योजनाएं प्रस्तुत करेंगे। विभिन्न आकर्षक स्टॉल, व्यावसायिक प्रदर्शन और ‘स्टॉल टू सेल’ पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को व्यावसायिक विचारों को वास्तविकता में बदलने का अवसर मिलेगा।

 

प्रबंधन और उद्यमिता की शिक्षा केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रहे, बल्कि विद्यार्थियों को वास्तविक व्यावसायिक जगत का अनुभव प्राप्त हो, यही इस पहल का मुख्य उद्देश्य है। उत्पादों का प्रदर्शन, विपणन, बिक्री, ग्राहकों के साथ संवाद और व्यवसाय प्रबंधन जैसे विभिन्न पहलुओं का अनुभव विद्यार्थियों को इस प्रदर्शनी के माध्यम से मिलेगा। इसके साथ ही व्यावसायिक निर्णय क्षमता, नेतृत्व कौशल, रचनात्मकता और टीम भावना विकसित करने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।”

 

यूनिकॉर्न कंपनियों की सफल यात्रा का अध्ययन करते हुए विद्यार्थियों को स्टार्टअप स्थापित करने के लिए आवश्यक नियोजन, पूंजी जुटाने, बाजार का चयन और कारोबार विस्तार जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं को समझने का अवसर मिलेगा। नए व्यावसायिक विचारों को वास्तविकता में बदलते समय आने वाली चुनौतियों और उपलब्ध अवसरों से भी वे परिचित होंगे।

 

‘विकसित भारत @ 2047’ की राष्ट्रीय परिकल्पना के अनुरूप यह महोत्सव युवाओं में उद्यमिता, नवाचार, कौशल विकास और रोजगार सृजन की मानसिकता विकसित करने के लिए प्रोत्साहित करेगा। शिक्षा, उद्योग, अनुसंधान और उद्यमिता के बीच समन्वय स्थापित करने के सूर्यभारत ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज के व्यापक दृष्टिकोण के अनुरूप भी यह पहल है, ऐसा डॉ. प्रतीक्षा वाबळे ने बताया।

 

विद्यार्थियों की रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने के साथ ही उनकी उद्यमशील क्षमता विकसित करना और उन्हें भविष्य की व्यावसायिक चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार करना इस महोत्सव का प्रमुख उद्देश्य है। आयोजकों ने विद्यार्थियों, अभिभावकों, उद्यमियों, व्यावसायिकों और नागरिकों से इस प्रदर्शनी में शामिल होकर विद्यार्थियों के नवोन्मेषी विचारों एवं उद्यमशील कौशल का अनुभव लेने की अपील की है।

 

 

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button