इटावा

इटावा में प्रभारी मंत्री धर्मवीर प्रजापति की विकास समीक्षा बैठक, अफसरों को दिए सख्त निर्देश

इटावा में प्रभारी मंत्री धर्मवीर प्रजापति की विकास समीक्षा बैठक, अफसरों को दिए सख्त निर्देश

 

इटावा, शिवराज सिंह राजपूत: राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा उत्तर प्रदेश तथा प्रभारी मंत्री श्री धर्मवीर प्रजापति की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में केन्द्र व राज्य सरकार की विकास एवं लोककल्याणकारी योजनाओं, कानून-व्यवस्था सहित विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

 

बैठक की शुरुआत अपराध एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा से हुई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शहर में सीसीटीवी कैमरे पूरी तरह संचालित हैं। प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि ड्रोन अफवाह को लेकर प्रेस वार्ता कर जनता का भय दूर किया जाए तथा रात में पैदल गश्त सुनिश्चित हो।

 

कृषि विभाग की समीक्षा में उन्होंने समितियों पर खाद की आपूर्ति तथा किसानों को सम्मान निधि का भुगतान कराने के निर्देश दिए। पशुपालन विभाग में गौशालाओं में चारा-पानी व टीकाकरण की व्यवस्था पर बल दिया गया। स्वास्थ्य विभाग को आयुष्मान कार्ड कैंप और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में छिड़काव के निर्देश दिए गए।

 

बाल विकास, ग्रामीण सड़क योजना, मनरेगा और सामाजिक वानिकी प्रभाग की योजनाओं पर चर्चा करते हुए उन्होंने जनपद की सभी ग्राम पंचायतों में योजनाओं की पात्रता के पोस्टर लगाने व नगर वन विकसित करने पर जोर दिया। पंचायती राज विभाग को नाला अतिक्रमण अभियान चलाने और बेसिक शिक्षा विभाग को विद्यालयों के निरीक्षण, गोद लिए विद्यालयों में फर्नीचर उपलब्ध कराने तथा हर सप्ताह प्रेस वार्ता करने के निर्देश दिए गए।

 

विद्युत विभाग को उपभोक्ताओं की समस्याओं के निस्तारण हेतु कैंप लगाने, समाज कल्याण विभाग को सामूहिक विवाह में सतर्कता बरतने व पेंशन योजना का व्यापक प्रचार करने को कहा गया। श्रम विभाग व दिव्यांगजनों के लिए भी बैनर और कैम्प के जरिए प्रचार-प्रसार बढ़ाने पर जोर दिया गया।

 

मंत्री ने निर्देशित किया कि सभी विभाग तहसील दिवस पर कैम्प लगाकर लाभार्थियों को योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराएं। बैठक के अंत में जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

 

इस अवसर पर सदर विधायक श्रीमती सरिता भदौरिया, जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव, मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार गौतम, अपर जिलाधिकारी अभिनव रंजन श्रीवास्तव, जिला विकास अधिकारी राकेश प्रसाद, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बृजेन्द्र कुमार, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज कुमार सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button