
“बिहार विधानसभा चुनाव 2025 : सेक्टर पदाधिकारियों का दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न”
विशाल समाचार संवाददाता
आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन —2025 के मद्देनजर निर्वाचन संचालन से संबंधित गतिविधियों का सफलतापूर्वक क्रियान्वयन सुनिश्चित किए जाने के उद्देश्य से प्रतिनियुक्ति सेक्टर पदाधिकारी एवं सेक्टर पुलिस पदाधिकारियों की दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन समाहरणालय स्थित परिचर्चा भवन मे किया गया।
सेक्टर पदाधिकारी एवं सेक्टर पुलिस अधिकारियों को जिला उप निर्वाचन अधिकारी, मास्टर ट्रेनर एवं सभी संबंधित निर्वाची अधिकारी के द्वारा प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में निर्वाचन कार्यो के महत्व और जिम्मेदारियों के निर्वहन हेतु प्रेरित किया गया। सभी सेक्टर पदाधिकारियों एवं पुलिस सेक्टर पदाधिकारियों को बताया गया कि चुनाव लोकतंत्र का महापर्व है और इसमें प्रत्येक अधिकारी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण ईमानदारी और निष्पक्षता के साथ करने का आह्वान किया गया।

प्रशिक्षण सत्र में आगामी चुनाव की तैयारी ,आदर्श आचार संहिता के पालन, मतदान केंदों पर मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता , भेद्यता मानचित्र, सुरक्षा व्यवस्था एवं मतदाता जागरूकता, शांतिपूर्ण एवं भय मुक्त मतदान जैसे बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई ।साथ ही निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मानकों एवं समय सीमा के अनुपालन पर विशेष बल दिया गया। प्रशिक्षण में मतदान केंद्रों पर बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता, सुचारू संचार व्यवस्था और समन्वय पर विशेष बल दिया गया। साथ ही बताया गया कि निर्वाचन कार्य में किसी प्रकार के लापरवाही या विलंब और अस्वीकार्य होगा। मौके पर उप निर्वाचन पदाधिकारी डॉक्टर विपिन कुमार सहित मास्टर ट्रेनर और संबंधित निर्वाची पदाधिकारी उपस्थित थे।



