
इटावा पुलिस की बड़ी सफलता : मेडिकल संचालक पर बाँका से हमला करने वाला शाहरुख मुठभेड़ में गिरफ्तार
विशाल समाचार संवाददाता
इटावा:इटावा पुलिस ने बुधवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए मेडिकल संचालक पर बाँका से हमला करने वाले आरोपी को मुठभेड़ के बाद दबोच लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी शाहरुख पुत्र स्वर्गीय मुस्ताक अहमद निवासी नवीन नगर बाबरपुर, थाना अजीतमल, औरैया के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर जिला अस्पताल भेजा गया।
घटना का विवरण:29 अगस्त को गांधी नगर निवासी मेडिकल संचालक राधा मोहन ओझा पर एक अज्ञात युवक ने दवा लेने के बहाने बाँका से जानलेवा हमला कर फरार हो गया था। इस संबंध में थाना फ्रेंड्स कॉलोनी में मुकदमा दर्ज हुआ था। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि हमला करने वाला आरोपी भरथना रोड से देशरमऊ की ओर भागने की फिराक में है।
पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपी ने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी शाहरुख घायल हो गया और पकड़ा गया।
बरामदगी:आरोपी के पास से पुलिस ने एक तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और घटना में प्रयुक्त बाँका बरामद किया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह मेडिकल स्टोर पर लूट की नीयत से गया था और मौका पाकर संचालक पर पीछे से हमला कर दिया था।
पंजीकृत मुकदमे:मु0अ0सं0 240/25 धारा 109/115(2)/131 बीएनएस थाना फ्रेंड्स कॉलोनी।
मु0अ0सं0 241/25 धारा 109 बीएनएस (पुलिस मुठभेड़) व धारा 4/25/27 आर्म्स एक्ट थाना फ्रेंड्स कॉलोनी।
पुलिस टीम: कार्रवाई थाना फ्रेंड्स कॉलोनी के थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा व उनकी टीम ने की।
यह पूरी कार्यवाही अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन एवं पुलिस उप महानिरीक्षक, कानपुर परिक्षेत्र के निर्देशन में संपन्न हुई।


