
जसवंतनगर में मतदान प्रबंधन बैठक पर उठे सवाल – निष्पक्षता को लेकर जनता की शंका
जसवंतनगर/इटावा विशाल समाचार
जिला निर्वाचन आयोग के निर्देश पर उपजिलाधिकारी कुमार सत्यम जीत की अध्यक्षता में मॉडल तहसील में बूथ मैनेजमेंट और मतदाता सूचियों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। इसमें भाजपा के पूर्व प्रत्याशी विवेक शाक्य गुड्डू, मंडल अध्यक्ष अजय बिंदू यादव और आम आदमी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष मनोज यादव सहित कई लोग मौजूद रहे।
बैठक का उद्देश्य मतदाता सूची का पुनरीक्षण और मतदान केंद्रों पर आवश्यक प्रबंध करना था। लेकिन बैठक के बाद स्थानीय स्तर पर चर्चा गर्म रही। कई लोगों का कहना है कि जिन अधिकारियों पर पहले से आदेश लागू न करने और पक्षपातपूर्ण रवैये के आरोप लगे हैं, उन्हें चुनाव जैसे संवेदनशील कार्य की जिम्मेदारी देना ठीक नहीं है।
नागरिकों का आरोप है कि संबंधित मजिस्ट्रेट ने अपने ही आदेशों को ठंडे बस्ते में डालकर वादियों को लंबे समय तक उलझाए रखा और बाद में विपक्षियों को सहयोग दिया। इस कारण निष्पक्षता पर प्रश्नचिह्न खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों और विपक्षी दलों का कहना है कि अगर ऐसे अधिकारी को ही मतदान कार्य की जिम्मेदारी दी गई तो गड़बड़ी की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। जनता ने मांग उठाई कि योगी सरकार और चुनाव आयोग निष्पक्ष चुनाव के लिए किसी अन्य ज़िले से साफ-सुथरी छवि वाले अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपें।
अब देखना है कि जनता की इन शंकाओं और आरोपों पर सरकार व निर्वाचन आयोग कितना संज्ञान लेते हैं।


