
विकसित उत्तर प्रदेश @ 2047 अभियान के अंतर्गत प्रबुद्धजनों हेतु अभिमुखीकरण कार्यशाला का आयोजन
इटावा, विशाल समाचार
विकसित उत्तर प्रदेश @ 2047 अभियान के तहत आज विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में प्रबुद्धजनों हेतु अभिमुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पी.सी. श्रीवास्तव (आईएएस, सेवानिवृत्त), मदन वर्मा (मुख्य विकास अधिकारी, सेवानिवृत्त), डॉ. डी. गनेश्वर राव (प्रोफेसर, सेवानिवृत्त), विस्टर जोशी (कृषि वैज्ञानिक, कार्यरत) एवं आशीष अस्थाना (मुख्य अभियंता, सेवानिवृत्त) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन कुश चतुर्वेदी द्वारा किया गया।
मुख्य अतिथि पी.सी. श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में कहा कि शासन तक सीधे सुझाव पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। सभी उपस्थित लोगों को अपने विचार लिखित रूप में देने एवं क्यूआर कोड के माध्यम से भी सुझाव साझा करने के लिए प्रेरित किया गया। उन्होंने बढ़ती जनसंख्या, प्रदूषण एवं नशा नियंत्रण पर बल देते हुए कहा कि 2047 तक भारत को विकसित बनाने के लिए सभी को प्रयास करना होगा।
कार्यशाला में विभिन्न जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों, समाजसेवियों एवं अधिकारियों ने भी अपने सुझाव रखे। ब्लॉक प्रमुख राकेश जी ने सीएचसी पर डॉक्टरों की संख्या बढ़ाने व बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने की बात कही। ग्राम प्रधान उमेश तिवारी ने आयुष्मान कार्ड, खाद की उपलब्धता, बच्चों की शिक्षा एवं महिलाओं की सुरक्षा पर जोर दिया।
दामोदर बाथम ने शिक्षा और नशा मुक्ति पर बल दिया। एनजीओ प्रतिनिधि ज्योति राव ने एनजीओ को कानूनी प्रशिक्षण देने की आवश्यकता बताई। शशिलता (एनआरएलएम, महेवा ब्लॉक) ने महिलाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़ने की मांग की। श्रमिक वर्ग के प्रतिनिधियों ने लेबर एक्ट में संशोधन, न्यूनतम वेतन वृद्धि एवं लेबर कोर्ट में लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण की आवश्यकता बताई।
पत्रकारों ने भी महत्वपूर्ण सुझाव दिए। सुभाष चंद्र त्रिपाठी ने जनसंख्या नियंत्रण एवं किसानों को सशक्त बनाने पर बल दिया। गणेश ज्ञानार्थी ने स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा देने व बेरोजगारी कम करने का मुद्दा उठाया। अमित मिश्रा (अध्यक्ष, यूपी वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन) ने छोटे घरेलू उद्योगों को प्रोत्साहित करने, व्यापारिक कॉम्प्लेक्स व मंडियों के गठन तथा विलेज टूरिज्म व तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने का सुझाव दिया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल, मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार गौतम, अपर जिलाधिकारी अभिनव रंजन श्रीवास्तव, जिला विकास अधिकारी राकेश प्रसाद, जिला पंचायत राज अधिकारी बनवारी सिंह, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी रमेश चंद्र, जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय कुमार सहित अन्य अधिकारी, ग्राम प्रधान, ब्लॉक प्रमुख एवं स्वयं सहायता समूह की महिलाएं उपस्थित रहीं।
