
“इटावा विकास भवन में ‘दिशा’ बैठक, सांसद जितेन्द्र कुमार दोहरे ने की अध्यक्षता”
इटावा| विशाल समाचार
इटावा जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक सांसद जितेन्द्र कुमार दोहरे की अध्यक्षता में विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में आयोजित की गई ।
बैठक में सर्वप्रथम सांसद जी ने योजनाओं के संचालन एवं विकास कार्यों के संबंध में दिए गए दिशा-निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की। उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल कार्यक्रम की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जलजीवन मिशन के अंतर्गत जनपद में कितनी टंकिया बनाई गईं है, जिसकी ब्लॉक वाइस सूची उपलब्ध करा दें साथ ही उन्होंने यह भी अवगत कराया कि बकेवर में जल्द से जल्द टंकी बनवा दी जाए। जल निगम के कार्य को लेकर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की एवं जल निगम के द्वारा जो भी सड़के बनाई गई हैं वो उखड़ी पड़ी हुई हैं, जिसपर उन्होंने जिलाधिकारी को टीम बनाकर जांच कराए जाने हेतु निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिस गांव की सड़के टूटी है उन्हें जल्द से जल्द ठीक करा दिया जाए एवं जो भी हैंडपंप लगे हुए हैं उनको ठीक कराया जाए और नए हैंडपंप लगाए जाएं। उन्होंने लघु सिंचाई को निर्देश दिए कि कितने चेक डैम बनाए जा रहे हैं इसकी सूची उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने पशु चिकित्साधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि बाढ़ प्रभावित सभी ग्रामों में टीकाकरण अवश्य कराया जाए। उन्होंने जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए कि आंगनवाड़ी की रसोइयों का भुगतान समय से करा दिया जाए। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए कि आयुष्मान कार्ड बनाने हेतु कमेटी बनाई जाए एवं सी0एच0सी0 पर कितने लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड द्वारा लाभ दिया जा रहा है उसकी सूची उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि सभी सी0एच0सी0 पर दवा बाहर से न लिखी जाए एवं अस्पताल से ही दी जाए। उन्होंने बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि 1484 विद्यालय है, सभी मे मध्यान भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिए कि महेवा ब्लॉक के अंतर्गत अहेरीपुर में राशन डीलर का चुनाव कराया जाए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि हैंवरा डिग्री कॉलेज के सामने स्पीड ब्रेकर बनाया जाए, जिससे किसी भी प्रकार की दुर्घटना न हो एवं इटावा-भरथना रोड पर पानी भरा रहता है, उसको ठीक कराया जाए। उन्होंने कहा कि इटावा बेला मार्ग का चौड़ीकरण कराया जाए। उन्होंने कहा कि भरथना चौराहे से लेकर पक्के बाघ तक का रोड ठीक कराया जाए। उन्होंने रेलवे को निर्देश दिए कि महेरा चुंगी पर ओवरब्रिज बनाया जाए। उन्होंने सारथी परिवहन ए0आर0टी0ओ0 को निर्देश दिए कि ओवर लोड वाहन पर कार्यवाही की जाए। उन्होंने खनन विभाग को निर्देश दिए कि जनपद में हो रहे खनन को रोका जाए। उन्होंने दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी को निर्देश दिए कि जब भी कैंप लगाए जाएं, जनप्रतिनिधि को अवश्य बुलाया जाए। उन्होंने बैंक को निर्देश दिए कि उच्च शिक्षा के लिए कितने बच्चों को ऋण दिए है साथ ही कहा कि योग्य बच्चों को ऋण अवश्य दिया जाए एवं इसका प्रचार-प्रसार कराया जाए जिससे सभी को जानकारी हो और लाभ उठा सके। उन्होंने विद्युत विभाग को निर्देश दिए कि लटकते हुए तारों को ऊंचा कराया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशानुसार विद्युत आपूर्ति की जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारियों के फोन में जनप्रतिनिधियों के नं0 फीड अवश्य होने चाहिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र पंचायत में कार्य पूर्ण करा दिया जाए एवं जनप्रतिनिधिगण को सूचना देते रहें। उन्होंने उप कृषि निदेशक को निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद में खाद की परेशानी होती है, जिसपर कृषकों को समय से खाद उपलब्ध कराई जाए साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि सभी समितियों पर खाद पर्याप्त मात्रा में पहुंचाई जाए, जिससे किसानों को परेशानी न हो एवं कृषि विभाग द्वारा सभी योजनाओं का प्रचार-प्रसार कराया जाए, जिससे किसान योजनाओं का लाभ उठा सके, जिसपर उप कृषि निदेशक को मुख्य विकास अधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि किसान गोष्ठी या जो भी कार्यक्रम होते हैं एवं खाद वितरण आदि की सूचना जनप्रतिनिधियों को अवश्य दें। उन्होंने कहा कि जो भी बिंदु रखे गए हैं उसका निस्तारण किया जाए।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत उन्होंने कहा कि पी0डब्लू0डी0 द्वारा ऐसी सड़के चिन्हित की जाएं, जहां बबूल खड़े हुए हैं उस रोड पर अतिक्रमण हो रहा है जिससे आमजनमानस को समस्या उत्पन्न होती है। उन्होंने कहा कि भरथना से ऊसराहार रोड पर कार्य अवश्य किया जाए एवं कार्य की सूची उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने समस्त अधिशासी अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि मलिन बस्तियों में समय से साफ-सफाई कराई जाए एवं उसकी सूची उपलब्ध कराई जाए।
बैठक में कौशल विकास योजना, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, प्रधानमंत्री स्वरोजगार योजना, सांसद आदर्श ग्राम योजना, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना एवं अन्य योजनाओं की समीक्षा की गई।
उन्होंने कृषि अधिकारी को निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में किसानों को योजनाओं का लाभ अवश्य दिया जाए। उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में टीम बनाकर साफ-सफाई समय से कराई जाए।
विधायक भरथना द्वारा बताया गया कि मनरेगा से श्रमिकों का भुगतान समय से किया जाए एवं इसका प्रचार-प्रसार कराया जाए। जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल द्वारा बताया गया कि पंचायत सचिव की लापरवाही से किसी का भुगतान नहीं किया जा रहा है तो उसपर कार्यवाही अवश्य की जाए। उन्होंने बताया कि जगन्नाथपुर में एक तालाब है, उस तालाब की वजह से सड़को पर पानी आता है, पानी की सही निकासी की व्यवस्था की जाए, जिससे आमजन को किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।
सांसद ने प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के तहत अधिशाषी अधिकारी को निर्देश दिए कि रामनगर क्रॉसिंग से भरथना चौराहे तक फुटपाथ दोनों तरफ से ऊंचा कर दिया गया है उसको बराबर किया जाए एवं उसमें सुधार किया जाए।
सांसद ने समस्त अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं के भूमि पूजन, लोकार्पण, शिलान्यास आदि कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों को अवश्य आमंत्रित किया जाए। उन्होंने जन कल्याणकारी योजनाओं के तहत किए जाने वाले कार्यों की पूर्ण जानकारी जनप्रतिनिधियों को अवश्य उपलब्ध कराए जाने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत छूटे पात्र लाभार्थियों के संबंध में पुनः सत्यापन कर पात्रों को चयनित किया जाए।
सांसद जी ने निर्देशित किया कि सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं को सभी संबंधित विभाग पूर्ण जिम्मेदारी के साथ संचालित करते हुए पात्रों को नियमानुसार लाभान्वित करें तथा कार्यदाई संस्थाएं अपने अपने लक्ष्य के सापेक्ष विकास परियोजनाओं को गुणवत्ता और मानक के साथ दिए गए निर्देशों के अनुरूप समय से पूरा कराना सुनिश्चित करें। सांसद जी ने कहा कि अगली बैठक की सूचना पूर्व से दी जाए जिसमें सभी संबंधित अधिकारी तैयारी के साथ उपस्थित होना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा नुमाइश ग्राउंड बुद्धा पार्क में एक ग्राउंड बनवाया जाए। उन्होंने कहा कि एस0एस0पी0 चौराहे से बलराम सिंह चौराहा तक शहीद स्मारक पार्क बनाया जाए एवं एस0एस0पी0 चौराहे पर पूर्व मुख्यमंत्री की प्रतिमा बनाई जाए।
जिला पंचायत अध्यक्ष द्वारा बताया गया कि जिले के अधिकारी जिला पंचायत बोर्ड की बैठक में उपस्थित नहीं रहते हैं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों का सम्मान किया जाए एवं उन्हें कार्यक्रम में बुलाया जाए।
बैठक के उपरांत जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने सांसद को आश्वस्त किया कि जनकल्याणकारी एवं विकास परक योजनाओं के संबंध में दिए गए सुझावों के अनुरूप कार्य किया जाएगा तथा इसके लिए समय-समय पर माननीय जनप्रतिनिधियों से सुझाव भी लिए जाएंगे, जिससे योजना की उपयोगिता सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि इस संबंध में सभी संबंधितों को पूर्व में भी निर्देशित किया जा चुका है और पुनः निर्देशित कर दिया जाएगा की योजनाओं के प्रस्ताव की जानकारी तथा सूची जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराएं तथा किसी प्रकार के अवरोध के लिए जनप्रतिनिधियों का सहयोग लेकर कार्य को नियमानुसार पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।
बैठक के दौरान विधायक भरथना राघवेंद्र गौतम, जिला पंचायत अध्यक्ष अंशुल यादव, सदर विधायक प्रतिनिधि हरिनारायण बाजपेई, विधायक जसवन्तनगर प्रतिनिधि ध्रुव यादव, सांसद प्रतिनिधि रामगोपाल यादव, जनप्रतिनिधिगण, जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल, मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार गौतम, जिला विकास अधिकारी राकेश कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी बृजेन्द्र कुमार सहित अन्य समस्त अधिकारीगण उपस्थित रहे।


