इटावा में ‘कन्या जन्मोत्सव’ का आयोजन, नवजात बच्चियों को दी गई शुभकामनाएँ
इटावा, | विशाल समाचार
जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय कुमार ने बताया कि निदेशक, महिला कल्याण, उ.प्र. लखनऊ के निर्देशानुसार 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर 2025 तक सेवा पखवाड़ा मनाने का निर्णय लिया गया है। जिलाधिकारी इटावा के दिशा-निर्देशानुसार इसी क्रम में दिनांक 17 सितम्बर को जिला महिला चिकित्सालय, इटावा में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजनान्तर्गत कन्या जन्मोत्सव का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एम.एल.सी. श्री मानवेन्द्र सिंह, जिलाधिकारी श्री सुभ्रान्त कुमार शुक्ल, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री अरुण कुमार गुप्ता (अन्नू), मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. बी.के. सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी श्री विनय कुमार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (जिला महिला चिकित्सालय) डॉ. अनिल कुमार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (जिला चिकित्सालय) डॉ. पारितोष शुक्ल तथा अन्य अधिकारियों और कार्मिकों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम में मा. मुख्य अतिथि एवं जिलाधिकारी द्वारा नवजात कन्याओं को उपयोगार्थ बेबी किट प्रदान किए गए तथा धात्रियों के लिए ड्राई फ्रूट्स व फल वितरित किए गए। इसके साथ ही बच्चियों का जन्मदिवस केक काटकर मनाया गया और शुभकामनाएँ दी गईं।
कन्या जन्मोत्सव के अवसर पर उपस्थित बालिकाओं के परिजनों को महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी प्रदान की गई।

