
शारदीय नवरात्रि एवं दशहरा पर्व को सकुशल सम्पन्न कराने हेतु पीस कमेटी की बैठक आयोजित
इटावा, शिवराज सिंह राजपूत
आगामी शारदीय नवरात्रि एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी इटावा श्री शुभ्रान्त कुमार शुक्ल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा श्री बृजेश कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट परिसर स्थित नवीन सभागार में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जनपद के संभ्रांत व्यक्तियों, पुजारियों एवं धर्मगुरुओं ने भाग लिया। जिलाधिकारी एवं एसएसपी द्वारा सभी से अपील की गई कि त्योहारों को आपसी भाईचारे, शांति एवं सद्भाव के साथ मनाया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित अफवाहों पर ध्यान न दें और बिना पुष्टि किए किसी भी खबर को सोशल मीडिया पर अग्रसारित न करें।
त्योहारों के दौरान दुर्गा प्रतिमा की स्थापना एवं विसर्जन निर्धारित स्थलों पर ही करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उपस्थित जनप्रतिनिधियों को आश्वस्त किया गया।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने सभी को आगामी त्यौहारों की शुभकामनाएं देते हुए शांति एवं प्रेमभाव से पर्व मनाने की अपील की। इस अवसर पर प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण भी उपस्थित रहे।


