
विवादों के समाधान हेतु श्रावस्ती मॉडल पर चल रहा विशेष अभियान — 15 ग्रामों के 63 प्रकरणों का आज हुआ निस्तारण
इटावा, विशाल समाचार
शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता के अनुरूप जन शिकायतों, विशेषकर भूमि विवादों के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए जनपद इटावा में श्रावस्ती मॉडल पर अभियान संचालित किया जा रहा है। आयुक्त कानपुर मण्डल के निर्देशानुसार जिलाधिकारी इटावा श्री शुभ्रान्त कुमार शुक्ल द्वारा 06 मई 2025 से यह अभियान प्रारम्भ किया गया है।
इस अभियान के तहत जनपद की सभी 06 तहसीलों एवं 20 थानों में प्रत्येक मंगलवार और गुरुवार को राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीमें ग्राम स्तर पर पहुंचकर विवादों का निस्तारण कर रही हैं। 10 सदस्यीय इन टीमों का नेतृत्व उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार तथा पुलिस क्षेत्राधिकारी/थाना प्रभारी/उप निरीक्षक स्तर के अधिकारी करते हैं।
आज दिनांक 18.09.2025 को जनपद की सभी 06 तहसीलों के अंतर्गत कुल 15 ग्रामों में संयुक्त टीमें पहुंचीं। उन्होंने 63 चिन्हित प्रकरणों का समाधान आपसी बातचीत, जांच एवं पैमाइश के माध्यम से कराया। इस दौरान 3.2925 हेक्टेयर भूमि अवैध कब्जों से मुक्त कराई गई। इसमें 21 नाली, 23 रास्ते, 01 तालाब, 03 खलिहान, 02 खाद के गड्ढे, 04 नवीन परती/बंजर भूमि, 01 खेल का मैदान तथा 08 अन्य प्रकार की भूमि शामिल रही।
अभियान की शुरुआत से अब तक जनपद के 582 ग्रामों में कुल 3187 प्रकरणों का समाधान किया जा चुका है और 354.64 हेक्टेयर भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराया गया है।
इस अभियान का पर्यवेक्षण जनपद स्तर पर अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) श्री अभिनव रंजन श्रीवास्तव तथा तहसील स्तर पर संबंधित उप जिलाधिकारी द्वारा किया जा रहा है।


