पूणे

राज्य में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए पुणे में राज्यस्तरीय शिक्षा परिषद का भव्य उद्घाटन

राज्य में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए पुणे में राज्यस्तरीय शिक्षा परिषद का भव्य उद्घाटन

स्कूली उपक्रमों में सर्वोत्तम कार्य करने वाले जिलों को मिलेंगे 5, 3 और 2 करोड़ के पुरस्कार – स्कूल शिक्षा मंत्री दादाजी भुसे की घोषणा

 

पुणे(सोहन सिंह): राज्य में गुणवत्तापूर्ण और नवोन्मेषी शैक्षणिक उपक्रमों को प्रोत्साहन देने के लिए सर्वश्रेष्ठ कार्य करने वाली जिला परिषदों और महानगरपालिकाओं को क्रमशः प्रथम पुरस्कार 5 करोड़, द्वितीय पुरस्कार 3 करोड़ और तृतीय पुरस्कार 2 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। यह घोषणा आज स्कूल शिक्षा मंत्री श्री दादाजी भुसे ने पुणे में की।

 

बालेवाड़ी स्थित होटल ऑर्किड में आयोजित दो दिवसीय राज्यस्तरीय शिक्षा परिषद का उद्घाटन उनके हाथों संपन्न हुआ। इस अवसर पर स्कूल विभाग के प्रधान सचिव श्री रणजीत सिंह देओल, शिक्षा आयुक्त श्री सचिन्द्र प्रताप सिंह, महाराष्ट्र प्राथमिक शिक्षा परिषद मुंबई के राज्य परियोजना संचालक श्री संजय यादव, राज्य शैक्षणिक संशोधन व प्रशिक्षण परिषद के संचालक श्री राहुल रेखावार, राज्य परीक्षा परिषद के संचालक श्री नंदकुमार बेडसे, माध्यमिक व उच्च माध्यमिक शिक्षा संचालक डॉ. महेश पालकर, शिक्षा संचालनालय (योजना) पुणे के संचालक श्री कृष्णकुमार पाटील, बालभारती पाठ्यपुस्तक मंडल की संचालक सौ. अनुराधा ओक, एनसीईआरटी नई दिल्ली की परख सेल की प्रमुख प्रा. इंद्राणी भादुरी, विभिन्न जिलों के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, महापालिका आयुक्त, सहसंचालक, प्राचार्य, डायट और शिक्षा विभाग के अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

 

शिक्षा मंत्री श्री भुसे ने कहा, “शिक्षा आनंददायी, गुणवत्तापूर्ण, जीवनोपयोगी और राष्ट्रीयता से परिपूर्ण होनी चाहिए।” महाराष्ट्र को देश में प्रथम स्थान पर लाने के लिए शिक्षा विभाग को नवोन्मेषी उपक्रम चलाना आवश्यक है। उन्होंने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), तकनीक का उपयोग, पायाभूत सुविधा सुधार, प्रधानमंत्री पोषण शक्ति योजना, छात्रवृत्ति परीक्षा और निपुण भारत अभियान जैसे विषयों पर बल दिया।

 

उन्होंने विद्यार्थियों के जिज्ञासु स्वभाव को प्रोत्साहित करने के लिए शैक्षणिक सहली (एजुकेशनल टूर) के महत्व पर जोर दिया। ऐतिहासिक स्थलों की यात्राएं, कृषि कार्य का निरीक्षण और बैंकिंग लेनदेन की समझ के लिए सहली आयोजित करने का सुझाव दिया। लोकमाता पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होळकर की 300वीं जयंती पर वक्तृत्व स्पर्धा तथा बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर प्रश्नमंजुषा आयोजित करने के भी निर्देश दिए।

 

उन्होंने बताया कि स्कूली स्तर की 15 समितियों का रूपांतरण कर 4 समितियों में किया गया है जिससे अधिक प्रभावी कार्यप्रणाली शुरू हुई है। साथ ही अगले शैक्षणिक वर्ष से चौथी और सातवीं कक्षा के लिए छात्रवृत्ति परीक्षा पुनः आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा— “विद्यार्थी ही हमारे देवता हैं और शिक्षक विद्यालय रूपी मंदिर के पुजारी।”

 

कार्यक्रम के प्रास्ताविक उद्बोधन में शिक्षा आयुक्त श्री सचिन्द्र प्रताप सिंह ने शिक्षा की गुणवत्ता, राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP), निपुण भारत लक्ष्य 2027 और स्कूली स्तर पर चल रहे उपक्रमों की विस्तृत जानकारी दी।

 

इस अवसर पर मंत्री श्री दादाजी भुसे के हाथों शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए प्रतियोगिता मार्गदर्शिका का प्रकाशन भी किया गया। इसमें कुल 42 प्रतियोगिताओं में से 36 प्रतियोगिताएं और 6 ऑलिम्पियाड सम्मिलित हैं। यह मार्गदर्शिका राज्य शैक्षणिक संशोधन व प्रशिक्षण परिषद के संचालक श्री राहुल रेखावार के मार्गदर्शन में तैयार की गई है।

 

कार्यक्रम का संचालन अनुसंधान विभाग प्रमुख डॉ. दत्ता थिटे ने किया तथा आभार प्रदर्शन विभागीय उपसंचालक शिक्षा, पुणे डॉ.गणपत मोरे ने किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button