
सरामई में विकास की राह बनी दलदल!
सीसी रोड पर तैर रहा पानी, नाले की मांग पर भड़के ग्रामीण
जसवंतनगर/ इटावा विशाल समाचार
सरकार भले ही गाँवों को चमकाने की बात करे, मगर सरामई का हकीकत कुछ और ही कहानी बयां कर रहा है। ग्राम नगला तोंर पंचायत के मजरा सरामई में बना सीसी मार्ग अब तालाब बन चुका है — पक्की सड़क पर घुटनों तक भरा गंदा पानी, कीचड़ और बदबू से ग्रामीणों का निकलना तक दूभर हो गया है।
स्कूल के पास से कछपुरा लूंगी और फकीरे की मढैया होते हुए आगरा जिले के परना तक जाने वाला मार्ग अब सफर नहीं, सजा बन गया है। हर दिन स्कूली बच्चे और किसान इस कीचड़ से होकर गुजरने को मजबूर हैं। फिसलन के कारण कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है।

ग्रामीण यशपाल सिंह, कमल सिंह, डिप्टी सिंह और कोमल सिंह ने बताया कि “सड़क तो पक्की बना दी, मगर पानी निकासी की कोई व्यवस्था नहीं की गई। अब यह पूरी सड़क तालाब बन गई है।”
गांव के लोगों ने पंचायत और प्रशासन को कई बार शिकायत दी, मगर अभी तक फाइलें ही चल रही हैं, काम नहीं। ग्राम प्रधान कमलेश कुमारी राजपूत ने कहा कि “नाले का निर्माण पंचायत की प्राथमिकता सूची में शामिल कर लिया गया है, जल्द कार्य शुरू होगा।”
ग्रामीणों ने चेतावनी दी — अगर जल्द नाले का निर्माण नहीं हुआ, तो वे धरने पर उतरेंगे।
लोगों की मांग है कि प्रशासन तुरंत कार्रवाई करे, ताकि “विकास की सड़क” सच में चलने लायक बन सके, न कि डूबने लायक!

