
नशा मुक्त भारत अभियान की 5वीं वर्षगांठ पर शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित
सीतामढ़ी विशाल समाचार: नशा मुक्त भारत अभियान की 5वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में नशीली दवाओं के दुरुपयोग के विरुद्ध जन-जागरूकता बढ़ाने हेतु जिला प्रशासन सीतामढ़ी एवं जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग द्वारा समाहरणालय स्थित परिचर्चा भवन में जिला स्तरीय शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। निदेशानुसार सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं उनके अधीनस्थ कर्मियों ने कार्यक्रम में भाग लेकर नशा मुक्ति की शपथ ग्रहण की।कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी श्री रिची पाण्डेय ने नशा मुक्त भारत अभियान की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जिले में पूर्व से शराबबंदी का सकारात्मक वातावरण है, और यह अभियान भविष्य की पीढ़ी को स्वस्थ, सुरक्षित एवं विकसित समाज प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। जिलाधिकारी ने बताया कि यह अभियान सामाजिक व्यवहार परिवर्तन, सड़क दुर्घटनाओं में कमी सहित अनेक सकारात्मक उपलब्धियों का मार्ग प्रशस्त कर रहा है। जिलाधिकारी ने नशापान से होने वाले सामाजिक, मानसिक एवं शारीरिक दुष्प्रभावों का उल्लेख करते हुए सभी सरकारी कार्यालयों में पूर्णतः नशामुक्त वातावरण बनाए रखने तथा इसका शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि नशीली दवाओं एवं शराब के उपयोग या बिक्री की जानकारी मिलने पर सक्रिय रूप से रोक-टोक करें। उन्होंने बताया कि नशीली पदार्थों की आपूर्ति से जुड़े व्यक्तियों की पहचान सुनिश्चित करने हेतु पुलिस प्रशासन द्वारा सतत कार्रवाई की जा रही है। कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त संदीप कुमार ,सभी जिलास्तरीय पदाधिकारी के साथ जिले की विभिन्न सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थाओं के प्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी के निर्देशानुसार नशा मुक्ति शपथ कार्यक्रम जिले के सभी प्रखंडों, पंचायत भवनों, सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों, आंगनवाड़ी केंद्रों एवं स्वास्थ्य केंद्रों में भी आयोजित किया गया, जिसके माध्यम से व्यापक जन-जागरूकता सुनिश्चित की गई।



