
इटावा में 25 नवम्बर को किसान ज्ञान मेला एवं कृषक गोष्ठी का आयोजन
जौनई कृषि शोध प्रक्षेत्र पर लगेगा कृषि स्टॉलों का मेला, किसान होंगे लाभान्वित
विशाल समाचार संवाददाता इटावा
इटावा उप कृषि निदेशक (शोध) आर.एन. सिंह ने जानकारी दी है कि संभागीय कृषि परीक्षण एवं प्रदर्शन केन्द्र इटावा के कृषि शोध प्रक्षेत्र जौनई (जसवंतनगर) में दिनांक 25 नवम्बर 2025, समय प्रातः 11:00 बजे से एक दिवसीय किसान ज्ञान मेला एवं कृषक गोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है।
आयोजन के दौरान कृषि विभाग एवं कृषि से सम्बंधित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनके माध्यम से किसानों को नवीनतम कृषि तकनीकों, योजनाओं व उन्नत खेती के तरीकों की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सदर विधायक इटावा श्रीमती सरिता भदौरिया प्रतिभाग करेंगी।
उप कृषि निदेशक ने क्षेत्र के सभी कृषकों से अपील की है कि वे इस किसान ज्ञान मेला एवं कृषक गोष्ठी में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम का लाभ उठाएँ।



