
नेशनल हाईवे-19 पर हड्डियाँ व अवशेष लदी पिकअप पलटी, तीन लोग पकड़े गए
इटावा, इकदिल विशाल समाचार: इकदिल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आगरा–कानपुर नेशनल हाईवे-19 पर मनियामऊ रसोई ढाबे के सामने आज सुबह एक पिकअप अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। वाहन में जानवरों की हड्डियाँ, सींग और अन्य अवशेष भरे हुए थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिकअप का टायर फटने के कारण वाहन नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे पलट गया। हादसे के समय पिकअप में ड्राइवर सहित कुल तीन लोग सवार थे।
सूचना मिलते ही इकदिल थाना पुलिस मौके पर पहुँची और वाहन में सवार तीनों व्यक्तियों को हिरासत में लेकर इकदिल थाने ले जाया गया। पुलिस द्वारा वाहन की जाँच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
हादसे में किसी गंभीर चोट की सूचना नहीं है, जबकि वाहन को सड़क से हटाने की प्रक्रिया पुलिस द्वारा पूरी कराई गई।

