
पवन सिंह एनआरएआई के महासचिव पद पर निर्विरोध निर्वाचित
तकनीक, प्रतिभा पहचान व नेमबाजी का राष्ट्रीय विस्तार रहेंगे प्राथमिकता
पुणे, डीएस तोमर
भारत के प्रमुख नेमबाजी प्रशासक व तकनीकी विशेषज्ञ पवन सिंह को नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एनआरएआई) के महासचिव पद पर निर्विरोध चुना गया। यह घोषणा मोहाली में हुई चुनाव प्रक्रिया के बाद की गई। इनके साथ कलिकेश नारायण सिंह देव भी एनआरएआई के अध्यक्ष पद पर निर्विरोध चुने गए।
पवन सिंह 1995 से नेमबाजी से जुड़े हैं, राष्ट्रीय कोच रह चुके हैं और 2018 में अंतरराष्ट्रीय शूटिंग महासंघ (ISSF) की जजेस कमेटी में चुने जाने वाले पहले भारतीय बने। वे ‘गन फॉर ग्लोरी’ प्रशिक्षण संस्थान के सह-संस्थापक भी हैं।
नियुक्ति के बाद सिंह ने कहा कि तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के जरिए प्रतिभाशाली नेमबाजों की पहचान, खिलाड़ियों के परफॉर्मेंस डेटा का उपयोग और देशभर में नेमबाजी की पहुंच बढ़ाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने प्रशिक्षकों के कौशल विकास, खिलाड़ियों के व्यक्तित्व विकास, संरचित प्रशिक्षण प्रणाली और CSR के माध्यम से फंड जुटाने पर जोर दिया।
नया कार्यकाल एनआरएआई के संचालन में तकनीकी सुधार, पारदर्शिता और युवा खिलाड़ियों के विकास पर केंद्रित रहेगा।
इसके साथ गगन नारंग, इलावेनिल वलारिवन, जोरावर सिंह संधू और कुंती मलिक को कार्यकारी समिति में क्रीड़ा प्रतिनिधि के रूप में शामिल किया गया है।
—

