स्वास्थ्यरीवा

गर्भवती महिलाओं की समय पर जाँच सुनिश्चित करें – कलेक्टर

गर्भवती महिलाओं की समय पर जाँच सुनिश्चित करें – कलेक्टर

 

मऊगंज विशाल समाचार संवाददाता. कलेक्ट्रेट मऊगंज सभागार में आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में कलेक्टर संजय कुमार जैन ने कहा कि जिले में उपचार सेवाओं को बेहतर करें। जिला अस्पताल के साथ-साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में उपचार की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा बीएमओ क्षेत्र का भ्रमण करके विभागीय योजनाओं की निगरानी करें। गर्भवती महिलाओं का समय पर पंजीयन कराकर उनकी नियमित जाँच कराएं। हाईरिस्क गर्भवती महिलाओं की विकासखण्डवार तथा ग्रामवार सूची तैयार कराएं। प्रत्येक माह की 9 और 25 तारीख को आयोजित होने वाले स्वास्थ्य जाँच शिविर में इन महिलाओं के स्वास्थ्य की नियमित जाँच कराएं। इन्हें आवश्यक होने पर आयरन सुक्रोज के इंजेक्शन लगाने तथा खून चढ़ाने की भी व्यवस्था करें। हर गर्भवती महिला और शिशु की स्वास्थ्य रक्षा की जिम्मेदारी हम सब पर है।

बैठक में कलेक्टर ने कहा कि मातृ मृत्यु दर और शिशु मृत्यु दर पर नियंत्रण के लिए स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, नगरीय निकाय तथा पीएचई मिलकर प्रयास करें। परिवार में उचित पोषण आहार, साफ-सफाई, साफ पानी और ताजा भोजन यदि होगा तो पोषण और बीमारी की समस्या नहीं होगी। गर्भवती महिलाओं के परिवार में जाकर स्वास्थ्य विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के कर्मचारी गर्भवती महिला के खानपान के संबंध में काउंसलिंग करें। बैठक में कलेक्टर ने कहा कि क्षयमुक्त भारत अभियान के तहत प्रत्येक संदिग्ध क्षय रोगी की जाँच कराएं। क्षय रोग के लक्षण पाए जाने पर रोगी को नि:शुल्क दवाएं तथा पोषण आहार की व्यवस्था करें। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत हृदय रोग तथा अन्य रोगों से पीड़ित बच्चों का चिन्हांकन कर उन्हें समुचित उपचार दें। बैठक में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं, टीकाकरण, परिवार कल्याण कार्यक्रम की भी समीक्षा की गई। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर, अपर कलेक्टर पीके पाण्डेय, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संजीव शुक्ला, एसडीएम मऊगंज राजेश मेहता, एसडीएम हनुमना रश्मि चतुर्वेदी, डिप्टी कलेक्टर पवन गोरिया, बीएमओ तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button