
भोपाल में उत्तर–मध्य क्षेत्रीय शहरी विकास बैठक आयोजित
लखनऊ /मध्यप्रदेश/राजस्थान:विशाल समाचार संवाददाता
भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर की अध्यक्षता में मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में उत्तर–मध्य क्षेत्र के राज्यों की शहरी विकास से संबंधित क्षेत्रीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहरीकरण की चुनौतियों, आवास, स्वच्छता, परिवहन, ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण तथा स्मार्ट एवं टिकाऊ शहरों के विकास पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने सहभागिता करते हुए प्रदेश में शहरी विकास से जुड़े अनुभव साझा किए। इस दौरान लेगेसी वेस्ट के निस्तारण, स्वच्छता व्यवस्था तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर उत्तर प्रदेश के प्रयासों की सराहना की गई।
बैठक में बेहतर शहरी शासन, तकनीक के उपयोग, नागरिक सुविधाओं में सुधार तथा केंद्र–राज्य समन्वय को मजबूत करने पर सहमति व्यक्त की गई। अन्य राज्यों के प्रतिनिधियों ने भी अपने सुझाव साझा किए। यह बैठक भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप शहरों के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।



