जिला अस्पताल में आज लगेगा शिविर
जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों की होगी नि:शुल्क जाँच
रीवा विशाल समाचार. राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत 23 दिसम्बर को कुशाभाऊ ठाकरे जिला चिकित्सालय बिछिया रीवा में नि:शुल्क स्वास्थ्य जाँच शिविर लगाया जा रहा है। शिविर में नवजात से लेकर 18 साल तक के जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों की स्वास्थ्य की नि:शुल्क जाँच की जाएगी। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संजीव शुक्ला ने बताया कि शिविर का आयोजन स्वास्थ्य विभाग तथा नारायण हृदयालय एसआरसीसी चिल्ड्रेन हास्पिटल मुंबई द्वारा किया जा रहा है। शिविर में हृदय रोग से पीड़ित पाए गए बच्चों का इसी अस्पताल में ऑपरेशन एवं अन्य उपचार होगा। नवजात शिशुओं में होठ एवं नाखून के नीला पड़ने, सांस के तेज चलने, बच्चों का थोड़ी देर खेलने पर ही थक जाने, हाथ एवं पैर की उंगली के अगले हिस्से में लगातार सूजन रहना हृदय रोग के प्रारंभिक लक्षण हैं। समय पर जाँच और उपचार से सभी बच्चे स्वस्थ हो जाते हैं। शिविर में बच्चों की जाँच के लिए पंजीयन कराना आवश्यक है। पंजीयन कराने के लिए विष्णु प्रताप सिंह मोबाइल नम्बर 9926004216, उपेन्द्र शुक्ला मोबाइल नम्बर 9691556442 तथा जयश्री द्विवेदी मोबाइल नम्बर 7247485167 पर संपर्क किया जा सकता है। शिविर में बच्चों के स्वास्थ्य की हृदय रोग विशेषज्ञों द्वारा आधुनिक मशीनों से नि:शुल्क जाँच की जाएगी।


